
लखनऊ. जनता कर्फ्यू के दौरान रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, गाजियाबाद, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई शहरों में लोग अपने घरों में कैद रहे। दूध-दवा और अन्य जरूरी सामानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद हैं। नोएडा, मेरठ और आगरा में भी सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। सिर्फ पुलिस के जवान कोरोना से जुड़े निर्देशों की घोषणा करते नजर आए।
प्रदेश में कोरोना के 28 संक्रमित मिलने के बाद लखनऊ, गाजियाबाद और नोएडा को 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता कर्फ्यू को सोमवार सुबह तक बढ़ाने की अपील की। इससे पहले कर्फ्यू की अवधि रविवार सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक तय थी। योगी ने रात को आपात बैठक भी बुलाई है। संभव है कि इसमें जनता कर्फ्यू को बढ़ाकर 31 मार्च तक कर दिया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में हैं, वे यहीं से अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। योगी ने कहा कि संयम, सजगता, जागरुकता से महामारी के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं। कोरोना हारेगा- भारत जीतेगा। प्रदेश में कोरोनावायरस के 28 केस सामने आए हैं। इनमें से 11 ठीक हो चुके हैं। जनता को आगे भी कर्फ्यू के लिए तैयार रहना होगा।
ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर असर
जनता कर्फ्यू के दौरान प्रदेश में मेट्रो रेल, रोडवेज बसें और सिटी ट्रांसपोर्ट सेवाएं पूरी तरह बंद हैं। गौतमबुद्धनगर के नोएडा में भी मेट्रो सेवा 31 मार्च तक बंद की गई है। शहर में सिटी बसें भी नहीं चलेंगी। लखनऊ समेत कई शहरों में यात्री फंस गए हैं। वहीं, पेट्रोल पंप भी सुबह 7 से रात 9 बजे तक बंद रहेंगे। हालांकि, इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े लोगों को फ्यूल भराने की छूट रहेगी।
उत्तर प्रदेश के शहरों का हाल…
लखनऊ: राजधानी के पॉश मार्केट हजरतगंज और गोमतीनगर की सभी दुकानें बंद रहीं। यहां पुलिसकर्मियों के अलावा सड़क पर लोगों की आवाजाही न के बराबर है। गोमतीनगर और लोहिया चौराहे पर भी सन्नाटा पसरा रहा। सुबह लोहिया पथ पर गाड़ियों की कुछ चहल-पहल नजर आई। राजधानी के 57 प्रमुख चौराहों पर पुलिसबल तैनात है। पुलिस कमिश्नर ने जगह-जगह पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रोडवेज बसों का संचालन बंद होने से कैसरबाग बस अड्डे पर सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं। पुलिस ने इन लोगों को खाने के पैकेट बांटे।
वाराणासी: जनता कर्फ्यू के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास केवल सुरक्षाकर्मी ही नजर आए। सुबह 6 बजे बैजनत्था मंदिर के पास रथ यात्रा मार्ग पर सभी दुकानें बंद मिलीं। शहर में चारों ओर सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। हालांकि, दूध-दवा और अन्य जरूरी समानों के लिए कुछ दुकानें खुली हैं।
अयोध्या: सरयू तट पर भी सन्नाटा पसरा रहा। अयोध्या से गोंडा मार्ग पर ओवर ब्रिज पर ही बैरियर लगाकर लोगों को रोक दिया गया और अयोध्या की सीमा आने में प्रवेश करने वाले लोगों को पहचान पत्र देखकर ही प्रवेश दिया गया है। अयोध्या राम में पैड़ी पर स्थित श्री सीताराम संकीर्तन भवन मंदिर में आरती के समय संतों ने भगवान का पूजन किया। रामलला को फाइबर मंदिर में शिफ्ट करने के पहले उनके नए आसन का शुद्धिकरण का कार्यक्रम शनिवार को शुरू नहीं हो सका। साथ ही 15 साल से जारी रामलीला का मंचन भी बंद कर दिया गया है।
नेपाल बॉर्डर: उत्तर प्रदेश के 7 शहर बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज की सीमा नेपाल से मिलती है। यहां सभी एंट्री प्वांइट पर सघन चेकिंग हो रही है। जनता कर्फ्यू का असर भी देखने को मिला। यहां आवागमन न के बराबर है।
लखनऊ, मुरादाबाद में सीएए का विरोध जारी
कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए जनता कर्फ्यू की अपील के बाद भी लखनऊ के घंटाघर और मुरादाबाद में सीएए के विरोध प्रदर्शन जारी है। दोनों जगहों पर महिलाएं धरने पर बैठी हैं। हालांकि, यहां अन्य दिनों की तुलना में भीड़ कम देखी गई।
अपडेट्स…
- गोरखपुर में जनता कर्फ्यू का असर पूरी तरह से देखने को मिल रहा है। यहां के गोलघर चौराहा पर आम दिनों में सबसे ज्यादा भीड़ होती है। लेकिन आज पूरी तरह की दुकानें बंद है। रविवार अक्सर ये मार्केट बंद रहती है। फिर चहल पहल जरूर रहती है। लेकिन कभी भी इस तरीके से बंद का असर नहीं दिखा।
- मेरठ में भी जनता कर्फ्यू का असर दिखाई दिया। यहां कैंट, आबूलेन मार्केट, रेलवे रोड, यूनिवर्सिटी रोड आदि जगहों पर सन्नाटा पसरा है। सुबह 7 बजे तक लोगों ने अपने सभी जरूरी काम निपटा लिए।
- ताजनगरी आगरा में सुबह 7 बजे से सन्नाटा पसरा है। यहां के जनक पार्क, भगत सिंह पार्क और कन्हैया पार्क में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं। लेकिन आज सूना पड़ा हुआ है। रेलवे, बस स्टेशन पर इक्का दुक्का लोग ही नजर आए। चाय-पान की दुकानें बंद हैं।
- कानपुर की सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले गोविंद नगर इलाके में पूरा बाजर बंद है।
- झांसी में कोरोना से बचाव के लिए लोग घरों में कैद हैं। झांसी रेलवे स्टेशन सूना पड़ा है। स्टेशन पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए कोरोना वायरस से बचाव की जानकारी दी जा रही है। बाजार, मंडियों में सन्नाटा है। झांसी के साथ पड़ोस के जनपद बांदा, हमीरपुर, जालौन में भी जनता कर्फ्यू का असर देखने को मिल रहा है।
- सोनभद्र के चोपन में सुबह बंद का असर कम दिखा। बस स्टैंड पर ज्यादातर दुकानें खुली मिलीं। हालांकि, बसों की कमी के कारण यात्री परेशान नजर आए।
गोरखपुर और लखनऊ से निगरानी
योगी आदित्यनाथ दो दिन के दौरे पर गोरखपुर में हैं। योगी गोरखधाम मंदिर से ही अफसरों को निर्देश दे रहे हैं। उधर, गृह विभाग के 12 वरिष्ठ अधिकारी लखनऊ से दिनभर के घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं। राज्य में इमरजेंसी सेवाएं जैसे- डायल 112 और जिला अस्पताल अलर्ट पर हैं। इससे पहले योगी ने समीक्षा बैठक में कहा था कि प्रदेश में जरूरी चीजों की कोई किल्लत नहीं है। प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खाने-पीने का सामान, सेनिटाइजर, मास्क और दवाइयां उपलब्ध हैं। लोग दुकानों पर लाइन लगाकर खड़े न हों। हमारा उद्देश्य सिर्फ भीड़ को इकट्ठा होने से रोकना है।










