
- शराब, शक और अवैध रिश्ते में रची गई खौफनाक साजिश
- मृतक की पत्नी और भतीजा गिरफ्तार, चाकू बरामद
कानपुर देहात : अमरौधा में कलीम ने चाकू से खुद का गला रेतकर आत्महत्या नहीं की थी। प्रेम संबंधों की वजह से सगे भतीजे ने अपनी चाची के साथ मिलकर चाचा की बेरहमी से हत्या की थी। वारदात के बाद दोनों ने इसे आत्महत्या दिखाने की साजिश रची, लेकिन पुलिस की जांच में झूठ से पर्दा हट गया।
भोगनीपुर संवाददाता के अनुसार अमरौधा कटरा मोहल्ला में 27 दिसंबर की रात कलीम की गला रेतकर हत्या की गई थी। 28 दिसंबर की सुबह रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा मिला था। पत्नी शमा परवीन ने पुलिस को बताया था कि पति शराब के लती थे। उन्होंने चाकू से खुद का गला रेतकर आत्महत्या कर ली है। इस घटना के बाद शुरूआत में पुलिस भी आत्महत्या मान रही थी लेकिन छानबीन में सच्चाई सामने आई कि मृतक की पत्नी ने पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करने की कोशिश की थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर मृतक की पत्नी और भांजे समर समीम उर्फ चांदबाबू 23 को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी ही निकली साजिशकर्ता
पुलिस जांच में सामने आया कि 13 साल पहले मृतक कलीम और शमा परवीन की शादी हुई थी। सब ठीक चल रहा था। उनके तीन बच्चे हुए। धीरे धीरे तीनों की मौत हो गई। इससे कलीम मानसिक तनाव में रहता था और शराब के नशे का आदी हो गया। नशे में वो अक्सर पत्नी से मारपीट करता था। बच्चों के इलाज में कलीम ने भतीजे चांदबाबू से रुपये उधार लिए थे। इसके बाद उसकी बातचीत चाची शमा परवीन से होने लगी। फोन पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे इश्क में बदल गई। कलीम को शक हुआ तो दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची फिर घटना को अंजाम दे डाला।
शादी से लौटते ही कत्ल का खेल
27 दिसंबर की रात शादी समारोह में शामिल होने कलीम पत्नी शमा परवीन के साथ गया था। साथ में चांदबाबू भी था। वहां से लौटने के बाद उसने घर में शराब पी। फिर पत्नी से झगड़ा करने लगा। पत्नी ने उसी के मोबाइल से प्रेमी भतीजे को बुलाया। घर पहुंच कर चांदबाबू ने चाकू से अपने सगे चाचा का गला रेत दिया। सुबह गांव में शोर मचाया गया कि कलीम ने आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम और पुलिस की जांच ने झूठ की परतें उधेड़ दीं।
बयान
कलीम की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। छानबीन में सामने आया कि दोनों के प्रेम संबंधों की जानकारी कलीम को हो गई थी। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।-संजय वर्मा, सीओ भोगनीपुर










