
चकराता। आगामी चुनावों को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। इसी क्रम में शुक्रवार को छह किलोमीटर दूर दुर्गम क्षेत्र चकराता विकासखंड के गांव उदावा से पैदल चलकर पहुंची पोलिंग पार्टी का चकराता के आर.ओ. (रिटर्निंग ऑफिसर) और निर्वाचन ऑब्जर्वर द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
पैदल रास्तों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पोलिंग पार्टी के सदस्यों ने समय पर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी इस निष्ठा और समर्पण को देखते हुए आर.ओ. और ऑब्जर्वर ने उनका फूलमालाओं और तालियों से स्वागत किया तथा उत्साहवर्धन किया।
चुनाव अधिकारी ने कहा कि दूरदराज के इलाकों में भी मतदान की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, और पोलिंग पार्टियों की यह मेहनत लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करती है।