
Patna : बिहार के दरभंगा और पटना में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत की राह बिहार से होकर जाएगी।
बिहार में दरभंगा जिले के हायाघाट और पटना जिले के बाढ़ विधानसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव को विकास बनाम जंगलराज की लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास से ही भारत के विकसित राष्ट्र बनने का सपना साकार होगा।रक्षा मंत्री ने यहां से भाजपा के प्रत्याशी डा सियाराम सिंह के समर्थन में सभा कर जनसमर्थन मांगा।
राजनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा।
उन्होंने नीतीश कुमार की सरकार की प्रशंसा की और कहा कि जिनके दामन पर एक भी दाग नहीं, वही बिहार को आगे ले जा सकते हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति सच बोलकर की जानी चाहिए, जनता की आंखों में धूल झोंककर नहीं।
राजनाथ सिंह ने बाढ़ विधानसभा में विपक्ष पर करारा हमला बोला। मां गंगा के आंचल में बसी इस भूमि से उन्होंने कहा कि अब बिहार को तय करना है कि उसे विकास का रास्ता चुनना है या फिर जंगलराज की तरफ लौटना है।
उन्होंने कहा कि जब 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी थी, तब भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी। आज वही भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। राजनाथ ने कहा कि यह मोदी सरकार का करिश्मा है कि अब भारत को तीसरे स्थान पर पहुंचने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। और अगर कोई बिहार को विकसित बना सकता है तो वह एनडीए ही है, मोदी और नीतीश कुमार।
राजनाथ ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को अराजकता से बाहर निकाला है। किसी के दामन पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं। यही असली राजनीति है, न कि सत्ता पाने के लिए झूठे वादे करना। उन्होंने कहा कि विपक्ष के कई नेता भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे हैं, लेकिन फिर भी कुर्सी से चिपके रहते हैं। यह भाजपा का चरित्र नहीं है। जब आडवाणी जी पर निराधार आरोप लगे थे, तब उन्होंने खुद संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। यही नैतिकता है।
राजनाथ ने आरजेडी और कांग्रेस को कटघरे में रखते हुए कहा कि ये लोग दावा करते हैं कि हर घर से एक व्यक्ति को नौकरी देंगे। दो करोड़ 70 लाख घरों में हर व्यक्ति को नौकरी कैसे देंगे? क्यों जनता को बहकाते हो? उन्होंने कहा कि जब आरजेडी-कांग्रेस की सरकार थी, तब 10 साल में बिहार को केवल 2 लाख करोड़ रुपये मिले थे, जबकि एनडीए सरकार ने 15 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। बिहार का ब्रेक केवल एनडीए ही तोड़ सकती है और गरीब का पैसा गरीब तक पहुंचाने की गारंटी भी एनडीए ही दे सकती है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अगड़ों को 10% आरक्षण और ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देना एनडीए सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न सम्मान देने का काम भी हमने किया। पहले की सरकारें पिछड़े वर्ग को सिर्फ झुनझुना पकड़ाती रहीं। उन्होंने कहा कि बिहार में सड़कों का जाल बिछा है, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या बढ़ी है, और नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि 14 नवंबर यानी पं. जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन के दिन जब बिहार चुनाव का नतीजा आएगा, तब जनता एनडीए को बहुमत देकर वही भारत बनाएगी जिसका सपना नेहरू ने देखा था- विकसित, स्वाभिमानी और मजबूत भारत।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। चार करोड़ को पक्के घर मिले हैं। अब कोई गरीब कच्चे घर में नहीं रहेगा। यह वादा नहीं, संकल्प है।















