
Bihar Election Result : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। शुक्रवार को जारी रूझानों में एनडीए भारी बहुमत के साथ शानदार प्रदर्शन करती दिखाई दे रही है, और संकेत साफ हैं कि यही बढ़त अंतिम परिणामों में भी बदल सकती है। इस बीच भाजपा सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी, रवि किशन और भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने बिहार की जनता के प्रति आभार जताया है।
मनोज तिवारी बोले — ‘पांडवों ने कमाल कर दिया’
भाजपा सांसद और अभिनेता मनोज तिवारी ने एनडीए की बढ़त पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
“यह जीत पूरी तरह बिहार की जनता के भरोसे की जीत है। पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर जनता का विश्वास एक बार फिर साबित हुआ है। बिहार के ‘पांडव’—गठबंधन के पाँच दल—ने अद्भुत प्रदर्शन किया है।”
रवि किशन ने कहा — ‘यह कोई सामान्य जीत नहीं’
गोरखपुर से सांसद और अभिनेता रवि किशन ने कहा कि बिहार की जनता ने विकास और सुरक्षा के लिए वोट दिया है। उन्होंने कहा,
“मैं बिहार की जनता का धन्यवाद करता हूँ कि उन्होंने मोदी और नीतीश कुमार पर विश्वास जताया। महिलाएँ और युवा बड़ी संख्या में मतदान कर आए। यह सिर्फ जीत नहीं, एक ऐतिहासिक जनादेश है। जनता ने सम्मान, संस्कृति और बेहतर भविष्य के लिए वोट किया है।”
पवन सिंह ने जताया जनता का आभार
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक ग्राफिक पोस्ट साझा करते हुए लिखा,
“बिहार की जनता को कोटि-कोटि धन्यवाद। जन-जन का हृदय से आभार।”
एनडीए की बढ़त के साथ बिहार की जनता का जनादेश स्पष्ट होता जा रहा है—यह भरोसे, सुशासन और भविष्य की उम्मीद का संदेश दे रहा है।










