
दिल्ली और एनसीआर में कड़ाके की सर्दी ने इस बार ठंड के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राजधानी में अगले तीन दिन बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि 12 और 13 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान घना कोहरा, शीतलहर और बेहद ठंडी रातें लोगों की परेशानियां बढ़ा सकती हैं।
सीजन की सबसे ठंडी रात, पारा लगातार गिरा
रविवार रात दिल्ली-NCR में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। आयानगर इलाके में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो 15 जनवरी 2024 के बाद सबसे कम है। बीते 24 घंटे में दिन के समय धूप से मौसम साफ रहा, लेकिन रात होते ही ठंड ने तीखे तेवर दिखाए।
मौसम विभाग के अनुसार 12 जनवरी को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और शीतलहर का असर बना रहेगा।
IMD की चेतावनी: घना कोहरा और कम विजिबिलिटी
IMD ने बताया कि 12 और 13 जनवरी को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। इस दौरान घना कोहरा छाया रहेगा और विजिबिलिटी बेहद कम होने की आशंका है। मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का असर खासतौर पर रात के समय ज्यादा महसूस होगा। लोगों को रात में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
शहरों का तापमान और AQI
सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस और AQI 311 दर्ज किया गया।
नोएडा में 18.6 डिग्री और AQI 316,
गाजियाबाद में 18.5 और AQI 328,
गुरुग्राम में 18.4 और AQI 295,
ग्रेटर नोएडा में 18.5 और AQI 312,
फरीदाबाद में 18.5 डिग्री सेल्सियस और AQI 276 रिकॉर्ड किया गया।
कब मिलेगी राहत?
IMD के मुताबिक 14 जनवरी को येलो अलर्ट रहेगा और घना कोहरा व शीतलहर का असर बना रहेगा। हालांकि 14 जनवरी के बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है और 17 जनवरी तक मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है।















