
Bareilly : बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में एक शादी उस समय टूट गई जब फेरों से पहले ही दूल्हा पक्ष ने भारी दहेज की मांग कर दी। आरोप है कि दूल्हा पक्ष ने 20 लाख रुपये नकद और ब्रेजा कार की मांग की, जिसके पूरा न होने पर लड़की पक्ष की ओर से नाराजगी जाहिर की गई। इसके बाद शादी रुक गई और बारात बिना विवाह के ही वापस लौट गई।
सूचना मिलने पर कैंट पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूल्हा, उसके पिता और जीजा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, सदर बाजार निवासी मुरली मनोहर की बेटी ज्योति की शादी नई बस्ती थाना प्रेमनगर निवासी ऋषभ के साथ तय हुई थी। इस रिश्ते का शुभारंभ लगभग आठ माह पहले हुआ था। मई माह में शहर के एक बड़े होटल में इसकी सगाई भी कराई गई, जिसमें लड़की पक्ष ने करीब तीन लाख रुपये खर्च किए। सगाई के दौरान, दूल्हे को सोने की अंगूठी, चेन, और पांच लाख रुपये नकद भी दिए गए थे।
शादी के दिन लड़की पक्ष ने बारात के स्वागत के लिए एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और शगुन के रूप में एक लाख बीस हजार रुपये नकद दिए। शुक्रवार रात सदर बाजार स्थित युगवीणा में बारात आई और पूरे धूमधाम से स्वागत किया गया।
लेकिन जैसे ही शादी की रस्में शुरू हुईं, फेरों से ठीक पहले ही दूल्हा पक्ष ने भारी दहेज की मांग कर दी। उन्होंने 20 लाख रुपये नकद और ब्रेजा कार की मांग रखी। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो दोनों पक्षों में विवाद और हंगामा हो गया।
शादी टूटने के पीछे की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कहा जा रहा है कि लड़की को दूल्हा शारीरिक रूप से पसंद नहीं था। कुछ रिश्तेदारों का आरोप है कि लड़की को भड़काया गया कि दूल्हा मोटा है और शराब पीता है।
वहीं, दूल्हा पक्ष इन आरोपों को खारिज कर रहा है। उनका कहना है कि दूल्हा शराब नहीं पीता। उन्होंने यह भी दावा किया कि बारात चढ़ते समय दूल्हे को झपकी आ गई थी, जिसकी फोटो किसी ने लड़की पक्ष को भेज दी, जिससे विवाद बढ़ गया।
लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी तय कराने वाले सिकलापुर निवासी इंद्रपाल ने भी उन्हें गुमराह किया। उन्होंने बताया कि शादी की तैयारियों और रस्मों में लगभग 15 लाख रुपये खर्च हो चुके थे। इसके अलावा, बारात में दूल्हे और उसके परिजनों को सोने की चेन, अंगूठी और नकदी भी दी गई थी।
सूचना मिलने पर कैंट पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूल्हा ऋषभ, उसके पिता राम अवतार और जीजा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने कहा कि लड़की पक्ष की तहरीर मिलने पर दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
यह भी पढ़े : दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा- ‘पैसे वाले समस्या पैदा करते हैं, गरीब झेलता है’










