संकट अब भी बरकरार…DGCA ने इंडिगो के CEO को जारी किया कारण बताओ नोटिस…24 घंटे में जवाब दें वरना

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने इस समय गंभीर परिचालन विफलताओं से जूझ रही है। इसको लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स को शनिवार रात कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इससे पहले इंडिगो ने गंभीर परिचालन व्यवधानों के बाद भी अपने 95 प्रतिशत से मार्गों पर कनेक्टिविटी बहाल होने और अपने 138 गंतव्यों में से 135 पर कुल 1,500 से ज़्यादा उड़ानों का संचालन सुनिश्चित करने का दावा किया है। 

DGCA ने नोटिस में क्या कहा?

DGCA ने नोटिस में लिखा है, ‘इस संकट का मुख्य कारण इंडिगो द्वारा पायलटों के लिए संशोधित उड़ान ड्यूटी समय सीमा (FDTL) लागू करने की विफलता थी। यह बदलाव महीनों पहले अधिसूचित किया गया था और 1 नवंबर से प्रभावी हुआ।’ नोटिस में आगे लिखा, ‘एयरलाइन द्वारा समय पर अपने रोस्टर और संसाधनों को समायोजित करने में असमर्थता के कारण इसके 138 गंतव्य मार्गों पर उड़ानें रद्द की गईं, देरी हुई, चालक दल की कमी हुई और व्यवधान उत्पन्न हुआ।’ 

नोटिस में दिया गया है यात्रियों को हुई परेशानी का हवाला

नोटिस में लिखा गया है, ‘यह देखा गया है कि इंडिगो की अनुसूचित उड़ानों में हाल ही में बड़े पैमाने पर व्यवधान आया है, जिसके परिणामस्वरूप यात्रियों को गंभीर परेशानी हुई है। यह भी पाया गया है कि उक्त उड़ान व्यवधान का प्राथमिक कारण एयरलाइन के लिए अनुमोदित FDTL योजना के सुचारू कार्यान्वयन के लिए संशोधित आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था का प्रावधान न करना है। यह इंडिगो प्रबंधन की संपूर्ण लापरवाही को दर्शाता है।’ 

DGCA ने इंडिगो पर लगाए ये आरोप

DGCA ने नोटिस में इंडिगो पर कॉकपिट क्रू के लिए संशोधित ड्यूटी और आराम आवश्यकताओं की योजना बनाने में विफल रहने, विमान नियम, 1937 के नियम 42A का अनुपालन न करने, ड्यूटी अवधि को नियंत्रित करने वाली कई नागरिक उड्डयन आवश्यकताओं (CAR) का उल्लंघन करने के आरोप लगाए हैं। इसी तरह उड़ानों के रद्दीकरण और देरी के दौरान यात्रियों के लिए अनिवार्य जानकारी, सहायता या सुविधाएं प्रदान करने में विफल रहने समेत कई अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। 

DGCA ने CEO को ठहराया जिम्मेदार, जवाब के लिए दिए 24 घंटे

नोटिस में आगे लिखा है, ‘CEO के तौर पर आप एयरलाइन के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से ज़िम्मेदार हैं। आप विश्वसनीय संचालन के लिए समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने और यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के अपने कर्तव्य में विफल रहे हैं।’ DGCA ने CEO को जवाब देने के लिए 24 घंटे का समय देते हुए चेतावनी दी है कि ऐसा न करने पर उनके खिलाफ एकतरफा दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

ग्राहकों का विश्वास फिर से हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध- इंडिगो

इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, “हम समझते हैं कि हमें अभी लंबा रास्ता तय करना है, फिर भी हम अपने ग्राहकों का विश्वास फिर से हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” एयरलाइन ने अपने सहयोगियों, सरकारी एजेंसियों, ग्राहकों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए उनका आभार भी जाताया है। कंपनी ने यह बयान नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा रविवार शाम तक रिफंड देने और यात्रियों का छूटा हुआ सामान 48 घंटों में उनके घर पहुंचाने के निर्देश के बाद आया है। 

500 किलोमीटर दूरी तक 7,500 रुपये किराया निर्धारित

इंडिगो संकट के बीच अन्य एयरलाइंस द्वारा ज्यादा किराया वसूले जाने की कई खबरें सामने आई हैं। इसके बाद सरकार ने दूरी के हिसाब से किराया निर्धारित कर दिया है। अब 500 किलोमीटर तक हवाई सफर में 7,500 रुपए किराया लगेगा। वहीं 500 से 1000 किलोमीटर तक अधिकतम 12,000, 1,000 से 1,500 किलोमीटर तक अधिकतम 15,000 और 1,500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर अधिकतम 18,000 रुपये तक किराया वसूल किया जा सकेगा। 

इंडिगो के CEO ने व्यवधान के लिए माफी मांगी

सरकारी कार्रवाई के संकेत के बाद इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने शाम को व्यवधानों से हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि जल्‍द ही सभी उड़ानों का परिचालन सामान्‍य कर दिया जाएगा। इधर, DGCA ने पायलट रोस्टरिंग के कुछ मानदंडों में ढील देकर इंडिगो को अस्थायी राहत देने का प्रयास किया था। हालांकि, एयरलाइंस पायलट्स एसोसिएशन (ALPA) इंडिया ने अदालती आदेश द्वारा अनिवार्य सुरक्षा मानकों से समझौता करने के लिए इस कदम की आलोचना की है। 

इंडिगो की आज भी 850 से ज्यादा उड़ानें रद्द

देश के 4 बड़े हवाई अड्डों- दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु समेत कई शहरों से इंडिगो की आज भी 800 से ज्यादा उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। इंडिगो ने कहा कि उसने घरेलू उड़ानों का किराया अधिकतम 18,000 किया है। इस दौरान हजारों यात्री परेशान हुए। कई जगहों से यात्रियों और स्टाफ के बीच बहस के वीडियो सामने आए हैं। वहीं, रेलवे ने कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए हैं और 4 विशेष ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें