शिक्षक दिवस 2025 : राष्ट्रपति मुर्मू आज दो शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार देंगी

भोपाल : 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रदेश के दो शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2025 प्रदान करेंगी। सम्मानित होने वालों में दमोह जिले की प्राथमिक शिक्षक शीला पटेल और आगर-मालवा जिले के माध्यमिक शिक्षक भेरूलाल ओसारा शामिल हैं।

शीला पटेल दमोह की शासकीय प्राथमिक शाला देवरान टपरिया में पदस्थ हैं, जबकि भेरूलाल ओसारा शासकीय ईपीईएस माध्यमिक शाला खेरिया सुसनेर में सेवा दे रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उनका चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए हुआ है। इस वर्ष देशभर से 45 शिक्षकों का चयन किया गया है।

खेल-खेल में दी शिक्षा और किए नवाचार
दोनों शिक्षकों ने अपने विद्यालयों में बच्चों को खेल-खेल में आनंददायी शिक्षा प्रदान की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विद्यालयों में इको क्लब और क्लैप क्लब की शुरुआत की। बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि जगाने के लिए नुक्कड़ नाटक का सहारा लिया। साथ ही डिजिटल युग की जरूरतों को समझते हुए विद्यार्थियों में ऑनलाइन सुरक्षा जागरूकता भी फैलाने का काम किया।

शिक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएँ
स्कूली शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने दोनों शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि यह सम्मान प्रदेश के अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायी है।

चयन प्रक्रिया
प्रदेश के 55 जिलों से 145 शिक्षकों ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2025 के लिए आवेदन किया था। राज्य स्तरीय समिति द्वारा गहन मूल्यांकन के बाद 6 नाम केंद्र सरकार को भेजे गए थे, जिनमें से 2 शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ।

शिक्षा विभाग की अपील
शिक्षा विभाग ने जिलों से अपील की है कि विद्यालयों में नवाचार को प्रोत्साहित किया जाए, समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और बच्चों की प्रगति पर लगातार ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य में और अधिक शिक्षक राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो सकें।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें