यूपी में चाय की दुकान लगाने वाले जान लें ये नियम! लखनऊ में शर्मा चाय पर लगा 15000 का जुर्माना

Lucknow : लखनऊ नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। नगर निगम की टीमों ने 4 और 5 दिसंबर को विशेष अभियान चलाकर इन अपराधों में संलिप्त लोगों पर सख्त कदम उठाए हैं। इनमें बाल्मीकि मार्ग पर स्थित शर्मा चाय पर गंदगी फैलाने के आरोप में 15,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, कई अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देशानुसार, शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। शुक्रवार को विभिन्न जोनों में किए गए इस अभियान के तहत, गंदगी फैलाने वालों, अतिक्रमण करने वालों और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर कार्रवाई की गई। कैसरबाग स्थित सफेद बारादरी परिसर में गंदगी फैलाने पर 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, प्रबंधन को कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था सुधारने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

मड़ियांव क्षेत्र में आईआईएम तिराहा और महर्षि यूनिवर्सिटी मार्ग तक चलाए गए इस अभियान के दौरान, गंदगी और पॉलीथीन का प्रयोग करने वाले 32 लोगों के चालान किए गए और उन पर 20,000 रुपए का जुर्माना भी वसूला गया है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग न करें। खजान मार्केट, आशियाना और एसजीपीजीआई क्षेत्र में भी गंदगी फैलाने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर 9,000 रुपए का चालान किया गया है।

इसके अलावा, जोन 2 में गंदगी फैलाने और पॉलीथीन का प्रयोग करने पर 26 व्यक्तियों से कुल 23,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया है। जोन 6 में गंदगी फैलाने पर 5,700 रुपए और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर 7,000 रुपए का चालान किया गया है। वहीं, गुरुवार को, नगर निगम ने जोन 1 के खस्ता की दुकान लगाने वाले सुनील कुमार पर सड़क किनारे गंदगी फैलाने के आरोप में 2,000 रुपए का जुर्माना लगाया।

इसी तरह, जोन 6 में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 व्यक्तियों के चालान किए गए, जिनसे कुल 5,200 रुपए वसूले गए। जोन 8 में गंदगी फैलाने पर 8 चालान किए गए और 4,200 रुपए का जुर्माना वसूला गया। वहीं, जोन 7 में पॉलिथीन के उपयोग के खिलाफ अभियान चलाकर दो चरणों में 21,500 रुपए का जुर्माना किया गया।

यह भी पढ़े : मैं बाबरी मस्जिद के लिए ईंटें ले जा रहा हूं…! आज ही के दिन अयोध्या ढहाई गई थी बाबरी, बंगाल में रखी जा रही नींव; हिमायूं बोले- सऊदी अरब से आ रहें मौलवी

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें