
Tarn Taran ByPoll : तरनतारन उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने शानदार जीत दर्ज की है। पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सुखविंदर कौर रंधावा को हराया। वहीं, सांसद अमृतपाल की पार्टी वारिस पंजाब के उम्मीदवार मनदीप सिंह तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस के करणबीर सिंह बुर्ज और भाजपा के हरजीत सिंह संधू को करारी हार का सामना करना पड़ा। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और 16 राउंड तक चली।
पहले दो राउंड में अकाली दल की सुखविंदर कौर आगे रही, लेकिन तीसरे राउंड से आप के हरमीत संधू ने बढ़त बनाना शुरू किया, जो अंत तक बरकरार रही। 10वें राउंड में बढ़त मिलने के बाद आम आदमी पार्टी समर्थकों में उत्सव का माहौल बन गया। हरमीत सिंह संधू ने 12,091 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। कांग्रेस और भाजपा की जमानत जब्त हो गई।
मतों का वितरण –
- आम आदमी पार्टी: 42,649 वोट
- शिरोमणि अकाली दल: 30,558 वोट
- वारिस पंजाब: 19,629 वोट
- कांग्रेस: 15,078 वोट
- भाजपा: 6,239 वोट
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस जीत पर बधाई दी और कहा कि यह परिणाम पंजाब की जनता का काम की राजनीति और भगवंत मान के ईमानदार नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने इसे मेहनत करने वाले हर कार्यकर्ता की जीत और जनता की जीत करार दिया।











