
Sultanpur : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को जनपद मुख्यालय पर महिला कांस्टेबलों की स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, उनके अधिकारों और सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक करना था।
रैली का शुभारंभ पुलिस लाइन से हुआ, जहां जिलाधिकारी गामिनी सिंगला ने हरी झंडी दिखाकर स्कूटी रैली को रवाना किया। रैली का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान सीओ सिटी प्रशांत सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरते हुए स्कूटी पर सवार महिला कांस्टेबलों ने राहगीरों और आम नागरिकों को महिला सुरक्षा, अपराधों के खिलाफ सजग रहने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी से अवगत कराया। रैली के दौरान “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, महिला सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी जैसे संदेशों से लोगों को प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत आगामी तीन महीनों तक जिले में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराध से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों, और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने साफ किया कि महिला सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि मिशन शक्ति अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जाए, जिससे हर महिला सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सके।