सुलतानपुर: किसानो की आय हुई आधी, खर्चा हुआ दोगुना- भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल ने भाजपा पर दागे सवाल

19 लाख किसानो का ऋण माफ, 63 लाख कुंतल हुई गोबर की खरीद

सभा को सम्बोधित करते भूपेश बघेल

जयसिंहपुर-सुलतानपुर। जिले के जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में आए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। रविवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अभिषेक सिंह राणा और कादीपुर विधानसभा की प्रत्याशी निकलेश सरोज के समर्थन में जयसिंहपुर तहसील के बगल बाग में एक विशाल जनसभा आयोजित हुई। जिसके मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रहे। रविवार की दोपहर 12.19 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जयसिंहपुर तहसील के पास बने हेलीपैड पर लैंड हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री का सभी कार्यकर्ताओं ने 21 किलो के फूलो की माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उन्होंने महंगाई, किसानों की समस्या, बेरोजगारी समेत अन्य बुनियादी मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार से सवाल दागते हुए कहा कि ये लोग विभाजन करने वाले लोग हैं। खेतो में फसलें तो हैं, लेकिन किसानो को उनका सही मूल्य नहीं मिलता है। गन्ने का भुगतान किसानो को सही समय पर नहीं मिल रहा है। भाजपा ने कहा था कि हम किसानो की आय दुगनी कर देंगे, लेकिन जब फसलों का दाम ही आधा हो तो किसानो की आय दुगनी कैसे करेंगे। यही अन्नदाता हैं जिन्होंने हरितक्रांति में देश को संभाला था। लेकिन यही किसान आज दो साल से सड़को पर आंदोलन कर रहे है, और उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। रसोई गैस और घरेलू चीजों की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरते हुए बघेल ने कहा कि किसानो की आय आधी हो गई और खर्चा दोगुनाा बढ़ गया है। इसका सबसे प्रमुख कारण जाति के नाम पर मतदान होना है। क्यूंकि नौजवान रोजगार के नाम पर मतदान नही करता है और किसान, किसान के नाम पर मतदान नही करता है। देश में अब नौजवान पेपर तो दे देते है, लेकिन उसका रिजल्ट नही आता। कहीं-कहीं तो पेपर देने से पहले ही पेपर लीक हो जाता है। भाजपा सिर्फ जाति और धर्म के नाम पर वोट मांगती है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में किए गए कांग्रेस के वादों के बारे में बताते हुए कहा कि हमने छत्तीसगढ़ के 19 लाख किसानो का ऋण माफ किया है। छोटा बड़ा कोई किसान नही देखा, सभी के ऋण माफ हुए। कांग्रेस 2500 रुपए में धान की खरीद कर रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार आई तो छुट्टा मवेशियों की समस्या भी आई। सरकार ने इसका कोई उपाय नहीं किया। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में गौखन बनाकर वहा के लोगो को इस समस्या से निजात दिलाकर एक रोजगार भी मुहैया करवाया। हम दो रुपए किलो दर से वहा गोबर खरीद करते है। अब तक 63 लाख कुंतल गोबर खरीद चुके है। छत्तीसगढ़ के लोग गोबर से पैसा कमा रहे हैं।भाजपा तो सिर्फ ‘राम-राम जपना, पराया माल अपना’का काम किया है। उन्होंने जनता से कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनाइए और अपनी समस्या से निजात पाइए। भाजपा हटाओ, मंहगाई भगाओ। अगर छत्तीसगढ़ में सब कुछ हो सकता है तो उत्तर प्रदेश में भी हो सकता है। इस कार्यक्रम का संचालन रितेश सिंह राजवाड़ा ने किया। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष तेज बहादुर पाठक, डीसी पांडेय, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, गुलाब कमरों, विजय साहू, द्वारिकाधीश आदि समस्त कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें