
Sultanpur : जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लोहरामऊ ओवरब्रिज पर शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। बहराइच से मध्य प्रदेश के पन्ना धाम दर्शन के लिए निकली श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 18 यात्री घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बस में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज, सुल्तानपुर भेजा गया। उपचार के बाद अधिकांश यात्रियों को छुट्टी दे दी गई है।
यात्रियों ने बताया कि बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र के रामनगर खजुरी, वैनी और मुरली तारा गांव से 58 श्रद्धालु तीन दिवसीय तीर्थयात्रा पर पन्ना धाम जा रहे थे। गुरुवार देर रात घर से निकली बस जब शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे सुल्तानपुर बाईपास के लोहरामऊ ओवरब्रिज पर पहुंची, तभी चालक को झपकी आने से वाहन नियंत्रण खो बैठा और बस पुल से नीचे पलट गई।
अपर जिलाधिकारी गौरव शुक्ला ने बताया कि बस में लगभग 58 यात्री सवार थे। हादसे में 18 लोग घायल हुए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। सभी का उपचार कराया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
जिला प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित उनके घर भेजने के लिए सरकारी बस की व्यवस्था की है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़े : मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग विश्व चैंपियनशिप 2025 में जीता रजत पदक
‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ फिल्म की पहले दिन की कमाई आई सामने













