
देवरिया : शुक्रवार को क्षेत्र के औरा चौरी स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आत्मनिर्भर भारत अभियान के निमित्त जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सदर सांसद शशांक मणि ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का उद्देश्य देश को सभी क्षेत्रों में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस अभियान का लक्ष्य स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा देना, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत की भूमिका बढ़ाना और आर्थिक लचीलेपन में सुधार करना है। उन्होंने बताया कि यह अभियान अर्थव्यवस्था के पाँच स्तंभों पर केंद्रित है: अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढाँचा, व्यवस्था (सिस्टम), मांग और जीवंत जनसांख्यिकी। कहा कि इस अभियान के तहत हमें व्यापक जनसंपर्क करके आम जनमानस को जागरूक करने का काम करना होगा।

सदर सांसद शशांक मणि ने बाबा राघव दास पी.जी. कॉलेज, देवरिया में “एक देश, एक चुनाव” विषयक संगोष्ठी को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “एक देश, एक चुनाव” राष्ट्रहित में अति आवश्यक है। एक देश-एक चुनाव कराने से केंद्र के राजकोष की बचत होगी, क्योंकि हर पांच साल में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी आयोजित होते हैं। वहीं, देश में हर साल अलग-अलग समय पर विधानसभा चुनाव भी होते हैं, जिसकी जिम्मेदारी भारतीय निर्वाचन आयोग की होती है। एक ही समय पर चुनाव होने से राजकोष की बचत होगी। इस अवसर पर भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह आजाद, डॉ. राधेश्याम शुक्ला, दिवाकर मिश्रा, डॉ. विद्यासागर चतुर्वेदी, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य और अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।
जिला प्रभारी संतराज यादव ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत पूरे जिले में स्वदेशी सामानों के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करनी होगी। उन्होंने कहा कि हमारे स्वदेशी उत्पाद अन्य की अपेक्षा ज्यादा गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ होते हैं और इससे हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूती भी मिलेगी।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी अपनाना होगा तथा विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करनी होगी। बरहज विधायक दीपक मिश्र शाका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना है तो हमें वोकल फॉर लोकल पर दृढ़ता के साथ कार्य करना होगा। बैठक का संचालन अभियान के संयोजक व जिला महामंत्री प्रमोद शाही ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे, जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा, संजय सिंह एडवोकेट, जयनाथ कुशवाहा गुड्डन, सचिंद्र शाही दीपू, रामजी सिंह, नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा, छठू यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: Gonda : शिक्षक की संदिग्ध मौत, कमरे में फांसी पर लटका मिला शव
Kannauj : दीपावली से पहले फूड विभाग का सख्त एक्शन, दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए










