
Mirzapur : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सौतेले भाइयों के विवाद ने एक घर को हिला कर रख दिया है। घटना का मुख्य कारण टॉयलेट जाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद था, जिसने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस विवाद में एक युवक ने अपने सौतेले भाई और सौतेली मां की धारदार हथियार से हत्या कर दी। सुबह करीब 4 बजे हुई इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
मिर्जापुर में टॉयलेट विवाद ने ली जान
मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव में यह जघन्य घटना हुई है। राहुल गुप्ता नामक युवक अपने सौतेले भाई आयुष गुप्ता और सौतेली मां उषा गुप्ता के साथ रहता था। सुबह 4 बजे, राहुल पेशाब जाने के लिए उठा, उसी समय आयुष भी टॉयलेट जाने के लिए निकला। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो धीरे-धीरे हिंसक रूप ले गया।
आरोप है कि इस मामूली बात पर राहुल ने सब्जी काटने वाले चाकू से अपने सौतेले भाई आयुष पर हमला कर दिया। उसकी चीखें सुनकर उसकी मां उषा गुप्ता मौके पर पहुंची, लेकिन राहुल ने दोनों को नहीं बख्शा और उन्हें भी चाकू से हमला कर हत्या कर दी।
हत्या कर देने के बाद राहुल ने शवों को छिपाने का प्रयास किया। उसने मां के शव को नहर में डाल दिया, वहीं अपने सौतेले भाई का शव सड़क के किनारे फेंक दिया। अब पुलिस नहर में मां का शव खोज रही है। पुलिस ने आरोपी राहुल को हिरासत में ले लिया है।
राहुल के पिता प्रेम चंद्र गुप्ता PWD में ठेकेदार हैं। उनकी पहली पत्नी से राहुल और एक बेटी है। पत्नी की मौत के बाद उन्होंने उषा गुप्ता से दूसरी शादी की। इस शादी से उनके दो बेटियां और एक बेटा आयुष हैं।
पुलिस के अनुसार, परिवार के बीच पहले से संपत्ति का विवाद चल रहा था। राहुल ने भी पूछताछ में इस विवाद का जिक्र किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्रा ने कहा, “राहुल गुप्ता ने अपने सौतेले भाई और मां की धारदार हथियार से हत्या की है। युवक का शव बरामद कर लिया गया है। महिला का शव अब भी तलाश में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।”
क्या आगे होगा?
पुलिस मामले की सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है। क्षेत्र में घटना के कारणों और विवाद की जड़ को समझने के प्रयास जारी हैं। घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
यह भी पढ़े : KGMU में लव जिहाद : आरोपी डॉक्टर ने हॉस्पिटल की 15 लड़कियों को फंसाया था, कैंपस में ही संदिग्धों से मिलता था











