मैनपुरी पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, SIR–NRC को लेकर सरकार पर साधा निशाना

Mainpuri : मैनपुरी पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, SIR–NRC से लेकर सरकार पर साधा तीखा निशानासमाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल आज मैनपुरी पहुंचे। मैनपुरी पहुंचकर उन्होंने एक शादी समारोह में शिरकत की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्याम लाल पाल ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला और SIR, NRC, आरक्षण, बेरोजगारी, लोकतंत्र व सामाजिक न्याय को लेकर कई बड़े और तीखे बयान दिए।

SIR–NRC को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा SIR को लेकर कोर्ट जाने के सवाल पर श्याम लाल पाल ने कहा कि “सच यही है कि जो ममता बनर्जी जी कह रही हैं, वह बिल्कुल सही है। लोकतंत्र को बचाने की बात करने वाले लोग दरअसल लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। यह SIR नहीं, बल्कि NRC लागू करने की साजिश है। NRC और SIR दोनों के नाम पर जनता से तमाम तरह के प्रमाण पत्र मांगे जा रहे हैं, जिनमें कई गंभीर विसंगतियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं विसंगतियों के जरिए सामंतवादी और पूंजीवादी ताकतें सत्ता में बने रहना चाहती हैं और संविधान द्वारा शोषितों, वंचितों को दिए गए अधिकारों को खत्म करने का प्रयास कर रही हैं। श्याम लाल पाल ने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज पूरी तरह एकजुट है और NRC की सच्चाई का जवाब उत्तर प्रदेश का आने वाला चुनाव देगा। ममता बनर्जी के साथ पूरी तरह अन्याय हो रहा है, इसलिए उनका कोर्ट जाना बिल्कुल जायज़ है।

सरकार पर नफरत की राजनीति का आरोप

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो सरकार आम जनता को कुछ नहीं देना चाहती, वही जनता के बीच नफरत फैलाने का खेल खेलती है। 2014 से सत्ता में बैठे लोगों ने न तो 15 लाख रुपये किसी के खाते में दिए और न ही हर साल दो करोड़ नौकरियां दीं। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज जो वैकेंसी निकाली जा रही हैं, उनमें ओबीसी और एससी का आरक्षण तक साफ दिखाई नहीं देता। चुनाव नजदीक आते ही ये लोग नौकरी देने की बातें करने लगते हैं।

जाति–धर्म की राजनीति पर हमला

श्याम लाल पाल ने कहा कि देश को जातियों और धर्मों में बांट दिया गया है। जातियों के भीतर भी असमानता पैदा कर दी गई है। जहां सम्मान नहीं मिलेगा, वहां से लोग हटेंगे ही। समाज का सही रास्ता तभी बनेगा, जब पूरी तरह असमानता खत्म होगी। उन्होंने कहा कि यही लड़ाई बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने लड़ी, यही संघर्ष धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव ने किया और आज उसी रास्ते पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चल रहे हैं।

संविधान और लोकतंत्र पर जोर

श्याम लाल पाल ने कहा कि समाजवादी लोग संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के आधार पर काम करते हैं। जो भी संविधान के विपरीत होगा, वह कभी जनता के हित में नहीं हो सकता।
संगीत सोम पर टिप्पणी से परहेज

भाजपा नेता संगीत सोम से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उन लोगों का खेल ही अलग किस्म का है। नफरत फैलाने वालों पर मुझसे सवाल न पूछा जाए, तो बेहतर होगा।

अंकिता भंडारी मामले पर तंज

उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी मामले पर सवाल पूछे जाने पर श्याम लाल पाल ने तीखा तंज कसते हुए कहा, बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा देने वालों से जाकर पूछिए, तब ज्यादा सच्चाई समझ में आ जाएगी।” कुल मिलाकर, मैनपुरी दौरे के दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सरकार पर लोकतंत्र खत्म करने, नफरत की राजनीति करने और संवैधानिक अधिकारों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए 2027 की राजनीति के संकेत भी दे दिए।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें