
Anpara, Sonbhadra : एनसीएल की ओबी कंपनियों में अवैध तरीके से डीजल की खरीद-फरोख्त का खेल खेला जा रहा है। ईंधन आपूर्ति के लिए बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के ही अवैध ढंग से डीजल की खरीद-फरोख्त कर बड़े पैमाने पर राजस्व को नुकसान पहुँचाया जा रहा है। ताजा मामला एनसीएल बीना में ओवर बर्डन का कार्य करा रही चेन्नई राधा इंजीनियरिंग वर्क्स कंपनी से जुड़ा है, जो नियम-विरुद्ध तरीके से विगत छह माह से ईंधन आपूर्ति के लिए बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के ही अवैध ढंग से डीजल की खरीद-फरोख्त कर रही है।
लगातार मिल रही शिकायतों पर उप जिलाधिकारी ने चेन्नई राधा इंजीनियरिंग वर्क्स प्रबंधन को लिखे पत्र में अवगत कराया है कि कंपनी में जो मशीनें और वाहन लगाए गए हैं, उनमें ईंधन आपूर्ति का विवरण व अनापत्ति प्रमाण पत्र आज तक उप जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि उक्त मशीनों में ईंधन आपूर्ति हेतु कहाँ से ईंधन का क्रय किया जा रहा है। ओबी कार्य में लगी मशीनों में ईंधन आपूर्ति का विवरण एवं उक्त ईंधन के क्रय/परिवहन का विवरण प्रस्तुत नहीं करने पर कंपनी के ऊपर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
साथ ही उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी, सोनभद्र को ईंधन आपूर्ति की जाँच कर अतिशीघ्र आख्या उपलब्ध कराने तथा थानाध्यक्ष शक्तिनगर को ईंधन के अवैध परिवहन पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, जिससे कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर के. आर. राजीव से कई बार संपर्क किया गया, पर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।










