
लखनऊ डेस्क: जब हम शिकारी जीवों की बात करते हैं, तो आमतौर पर हमारे दिमाग में शेर, बाघ, या चीता जैसे बड़े और खतरनाक जानवर आते हैं। पक्षियों के मामले में भी हमारी सोच चील और गिद्ध तक ही सीमित रहती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रकृति में एक ऐसी चिड़िया भी है, जो आकार में तो छोटी और आकर्षक होती है, लेकिन उसकी मासूमियत के पीछे एक खतरनाक शिकारी छिपा होता है। इस चिड़िया का नाम है “ब्लैक थाइड फैल्कनेट”, जिसे अंग्रेजी में “smallest bird of prey” भी कहा जाता है। इसका मतलब है, यह चिड़ीया इतनी छोटी होने के बावजूद दूसरे जानवरों और पक्षियों के लिए एक खतरनाक शिकारी बन जाती है।
ब्लैक थाइड फैल्कनेट का आकार केवल 14 से 16 सेंटीमीटर तक होता है, जबकि इसके पंख 27 से 32 सेंटीमीटर तक फैल सकते हैं। यह दिखने में बेहद खूबसूरत होती है, लेकिन इसका शिकार करने का तरीका बहुत अद्वितीय और प्रभावशाली है। ये चिड़िया मुख्य रूप से छोटे कीड़े, तितलियाँ, दीमक, और अन्य छोटे कीट-पतंगों को शिकार बनाती है, लेकिन कभी-कभी यह अन्य छोटी चिड़ियों, छिपकलियों और छोटे आकार के चमगादड़ों को भी अपना शिकार बना लेती है।
यह चिड़िया अपनी सामाजिक प्रकृति के लिए भी जानी जाती है। यह अक्सर झुंड में रहती है, और शिकार भी झुंड में मिलकर करती है। इनके झुंड में लगभग 10 पक्षी होते हैं। पहले ये अपने शिकार को ध्यान से देखती हैं और फिर मौके का फायदा उठाकर हमला कर देती हैं। ब्लैक थाइड फैल्कनेट मुख्य रूप से म्यांमार, थाईलैंड, मलेशिया, सिंगापुर और इंडोनेशिया जैसे देशों में पाई जाती है।
इसकी खासियत यह भी है कि यह विभिन्न वातावरणों में आसानी से ढल जाती है, जो इसे अपनी शिकार की कला में और भी प्रभावी बनाता है।