
Maholi, Sitapur : डीसीएम श्रीराम लिन शुगर यूनिट हरियावां के महोली क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल शुरू हो गई है। आज 04 नवंबर को पेराई सत्र 2025-2026 का शुभारंभ किया गया। मिल शुरू होते ही क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों पर रौनक लौट आई और किसानों की ट्रॉली से भरे वाहनों की तौल शुरू हो गई।
मिल द्वारा आज पहले दिन चारबाग ए, सहतीनगर, एकठघरा, बड़ागांव, ब्रह्मावली, जमुनिया, चमारबाग, पार्सहरा, पल्हापुर और नरनी बी आदि केंद्रों पर तौल शुरू की गई। इस मौके पर गन्ना भरे कई वाहनों की तौल की गई। तौल से पूर्व कांटे की पूजा-अर्चना भी की गई।
महोली संवाददाता अनुज मिश्रा ने आज गन्ना क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत की। केंद्र पर मौजूद किसानों के चेहरे पर मिल शुरू होने की खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने अपनी उम्मीदें और समस्याएं साझा कीं।
किसान पवन मिश्रा और अनूप ने कहा कि “पिछले कुछ दिनों से मिल शुरू होने का इंतजार था। अब तौल शुरू हो गई है तो राहत मिली है। उम्मीद है कि इस बार तौल में देरी नहीं होगी और भुगतान भी समय से मिलेगा। सरकार ने जो गन्ना मूल्य बढ़ाया है, उसका लाभ जल्द दिखना चाहिए।”
किसान अवधेश बाजपेई ने कहा, हम तो पहली ही ट्रॉली लाने वालों में से हैं। मिल चालू होना किसानों के लिए एक त्योहार जैसा है। हमारा मुख्य जोर इस बात पर है कि तौल पूरी पारदर्शिता से हो और नमी या कटौती के बहाने इस बार न बनाए जाएं।
संजीव यादव और शिवराम भार्गव ने कहा कि “हमारी मांग यही है कि क्रय केंद्र पर पर्याप्त बोरे और मजदूरों की व्यवस्था रहे, ताकि धान खरीद की तरह यहाँ भी कोई दिक्कत न हो। गन्ना खेत से जल्द निकलेगा, तभी हम अगली फसल की तैयारी कर पाएंगे।”
अरुण शुक्ला और भोलू सिंह ने कहा, “नई पेराई सत्र में नई उम्मीदें हैं। मौसम अब ठंडा हो रहा है, इसलिए हम चाहते हैं कि मिल जल्द से जल्द गन्ना उठा ले। भुगतान में कोई अड़चन न आए, यही हमारी सबसे बड़ी इच्छा है।
इस मौके पर रामचंद्र मिश्रा, रामकुमार, विजय, रामकिशन, संजय समेत क्षेत्र के कई अन्य किसान भी मौजूद रहे और उन्होंने मिल प्रबंधन से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
यह भी पढ़े : मिशन लाइफ से फिर जाग रहीं भारत की पुरानी संरक्षित परंपराएं- प्रधानमंत्री मोदी










