
Sitapur: बिहार विधानसभा के आम चुनाव में कांग्रेस पार्टी के मंच से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के प्रति कांग्रेसियों द्वारा कहे गए अपशब्दों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता व देशवासियों के मन में रोष है। इसी के तहत भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष कंचन प्रभा पांडे के नेतृत्व में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता व मातृशक्ति द्वारा कांग्रेसियों के खिलाफ एक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के तहत महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष कंचन प्रभा पांडे के नेतृत्व में महिला मोर्चा व अन्य मातृशक्ति परशुराम चौक से पैदल चलकर कांग्रेस कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम रखा गया था, परंतु महावीर पार्क के पास सभी को पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस पार्टी अपनी नैतिकता खो चुकी है। मातृशक्ति का अपमान करते समय कांग्रेस को यह सोचना चाहिए कि भारतवर्ष में मातृशक्ति की पूजा होती है।
कंचन प्रभा पांडे ने बताया कि आज पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर भाजपाइयों को रोका गया है। हम पुलिस की बैरिकेडिंग से नहीं डरते, अपितु हम लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का सम्मान करते हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी यह बात कान खोलकर सुन ले कि हमारे प्रधानमंत्री व उनकी पूज्य मां व मातृशक्ति के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस की इस हरकत का विरोध निरंतर जारी रहेगा और इस घृणित घटना के लिए कांग्रेस के युवराज और प्रियंका गांधी को सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अगर मातृशक्ति का सम्मान नहीं कर सकती तो उसे राजनीति करने का कोई अधिकार नहीं है। इस अवसर पर महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस विरोधी नारे भी लगाए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, जया सिंह, ममता डोडेजा, लक्ष्मी पांडे, कुसुम सिंह, शालिनी लोधी सहित भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी व मातृशक्ति उपस्थित रहीं।
ये भी पढ़ें: कासगंज : 22 घंटे की लगातार बारिश में भरभराकर गिरा जर्जर मकान, मलबे में दबने से गृहस्वामी की मौत
बहराइच : खाद माफियाओं पर कस्टम की सर्जिकल स्ट्राइक, बोलेरो पिकअप सीज