Sitapur : तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो को मारी टक्कर, पांच घायल

Sitapur : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र के हरदोई मार्ग पर गुरुवार देर रात सड़क हादसा हाे गया। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी खाई में पलट गया। इस हादसे में पांच लाेग घायल हुए हैं जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो अपनी लेन में सामान्य गति से चल रहा था कि तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार पाँच लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएँ भी शामिल हैं। घायल भानमती नामक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार कर गंभीर रूप से घायल भानमती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों की हालत स्थिर है।

सूचना मिलते ही रामकोट थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को ऑटो पर टक्कर के निशान मिले हैं, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हरदोई मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड कंट्रोल उपाय और रंबल स्ट्रिप लगवाने की मांग की है। रामकोट थानाध्यक्ष सुरेश पटेल ने बताया कि वाहन व चालक की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें