
- पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल
Manpur, Sitapur : सीतापुर-बिसवां मार्ग पर रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की आमने-सामने की टक्कर में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं, क्योंकि आरोप है कि अगर समय रहते मदद मिल जाती तो शायद एक युवक की जान बच सकती थी। मृतकों की पहचान रिंकू (22), निवासी ईश्वरी पुरवा, थाना मानपुर के रूप में हुई। रिंकू अपने एक रिश्तेदार को न्योरिया बाक छोड़कर वापस आ रहे थे।
वहीं दूसरे मृतक की पहचान इलियास (35), निवासी कौरासा कंदुनी, थाना रामपुर कला के रूप में हुई। इलियास तालगांव में अपनी बहन के घर से लौट रहे थे।
कैसे घटित हुई घटना
सीतापुर-बिसवां मार्ग पर बखरिया ईदगाह के पास दोनों बाइकों की तेज रफ्तार में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को बिसवां इलाज के लिए भेजा गया। बिसवां अस्पताल में इलियास को मृत घोषित कर दिया गया।
रिंकू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कथित लापरवाही स्थानीय लोगों में इस बात की चर्चा है कि घटना के बाद तुरंत ही 112 नंबर की पुलिस गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन उन्होंने घायलों की मदद करने के बजाय तमाशबीन बने रहे।
इसके बाद जब मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची, तब एक ऑटो से घायल रिंकू को बिसवां भेजा गया।
इस पूरी प्रक्रिया में लगभग डेढ़ घंटे का महत्वपूर्ण समय बर्बाद हो गया, जबकि रिंकू की साँसें चल रही थीं। लोगों का मानना है कि यदि पुलिस ने तत्परता दिखाई होती और समय पर इलाज मिलता, तो शायद रिंकू की जान बच सकती थी।
क्या कहते है जिम्मेदार
ट्रेनी सीओ (प्रभारी) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों चालकों की मौत हो गई है और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।