
- वन विभाग की टीम में रेस्क्यू करके शारदा नदी में छोड़ा मगरमच्छ, गांव में मचा हड़कंप ’
Tambaur-Sitapur : क्षेत्र के एक गांव में तालाब किनारे जाल से मछली मार रहे मछुआरों के जाल में विशालकाय मगरमच्छ फंस जाने से गांव में हड़कंप मच गया। बीती रात ग्राम डेवढ़ेडीह में कुछ मछुआरे किस्म के लड़के गांव के बाहर तालाब में जाल से मछली पकड़ रहे थे। रात करीब एक बजे जाल में किसी विशालकाय जीव के फंसने पर मछुआरों ने जाल को बाहर निकाला। मछुआरे इस बात से गदगद थे कि आज बड़ी मछली जाल में फंस गई है।
जाल को तालाब से जब बाहर निकाला गया तो उसमें विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ देखते ही मछुआरों के हाथ पैर फूल गए। आनन-फानन में मछुआरों ने पूर्व ग्राम प्रधान माबूद अंसारी को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पूर्व ग्राम प्रधान मौके पर पहुंच गए और वन विभाग को इसकी सूचना दी। विशालकाय मगरमच्छ जाल में फंसने से गांव में हड़कंप मच गया और मगरमच्छ देखने के लिए लोगो का तांता लग गया। पूर्व ग्राम प्रधान माबूद अंसारी ने बताया लगभग पांच फीट का मगरमच्छ था जिसका बीस किलो वजन का दिखाई दे रहा था।
सूचना पर सुबह वन रक्षक इन्द्रबली पहुंचकर मगरमच्छ को रेस्क्यू करके एक ऑटो पर लादकर गांव से थोड़ी दूर पर बह रही शारदा नदी में छोड़ दिया गया। शारदा नदी में आई बाढ़ से क्षेत्र मगरमच्छ सहित जहरीले जीव जंतुओं की आमद से तटवर्ती गांवों के लोगों में भय बना हुआ है। वन रक्षक इन्द्रबली ने बताया सूचना पर हम लोग गए थे रेस्क्यू करके मगरमच्छ को शारदा नदी में छोड़ दिया गया है। इसकी लम्बाई लगभग साढ़े चार से पांच फीट थी अभी बच्चा ही था।