
- शांति व्यवस्था का किया निरीक्षण
सीतापुर। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने एवं आम जनमानस में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक आनंद एवं पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने शुक्रवार को क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। विशेषकर जुमे की नमाज के मद्देनज़र शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया।
इस क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने खैराबाद क्षेत्र का भ्रमण किया, जहाँ वे प्रसिद्ध बाबा मखदूम शाह की मजार पर पहुँचे। वहाँ उन्होंने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से शांति व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी धर्मों के प्रति सम्मान बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत बनाए रखने में सभी की भूमिका अहम है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर अभिनव कुमार यादव, थानाध्यक्ष खैराबाद अनिल सिंह, अधिशाषी अधिकारी खैराबाद समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासनिक अमला पूरे समय क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से संवाद करता रहा और उनकी समस्याएं भी सुनीं।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक का यह निरीक्षण लोगों में विश्वास जगाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।