
- श्री जल विहार महोत्सव समिति द्वारा आयोजित शोभायात्रा का पूर्व सांसद ने किया शुभारंभ
Mahmudabad-Sitapur : वामन द्वादसी के मौके पर श्री जल विहार महोत्सव समिति द्वारा आयोजित शोभायात्रा का शुभारंभ गुरुवार को पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ध्वजपूजन के साथ किया। ध्वजपूजन के बाद रथ पर सवार वामन भगवान के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की दो दर्जन आकर्षक झांकिया शोभायात्रा को चार चांद लगा रही थीं। इससे पहले पूर्व सांसद सेमरदहा स्थित संतोष सिंह के पेट्रोल पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। लोक वाद्ययंत्रों की धुन व लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रही थीं।
छह बार सांसद रहे कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकाप्टर गुरुवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बिसवां मार्ग स्थित संगत की भूमि पर बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। यहां जलविहार महोत्सव समिति के महामंत्री प्रतीक सिंह के घर पर बृजभूषण शरण सिंह पहुंचे जहां उनका स्वागत हुआ। यहां से पूर्व सांसद नगर के ठठेरी बाजार स्थित रामलीला मैदान पहुंचे। यहां समिति के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर स्मृतिचिन्ह व गदा भेंटकर मुख्य अतिथि समेत अन्य अतिथियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सनातन धर्म सतयुग से चला आ रहा है। सनातन धर्म का अपमान करने वालों को अपने बारे पता करने की जरूरत है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने दशकों पूर्व के जम्मू-कश्मीर में तिरंगा लहराने व भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाने वाली भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र व प्रदेश सरकार की प्रशंसा करते हुए विपक्षी दलों को आड़े हांथों लिया। उन्होंने एबीवीपी के छात्रों को गुंडा कहकर अभद्र टिप्पणी करने वाले राजभर के बारे में सवाल पूछे जाने पर कहा कि मैं हल्के व्यक्ति की बात का मैं जवाब नहीं देता हूं।
पूर्व सांसद ने बाराबंकी के श्रीराम स्वरूप मेमोरियल युनिवर्सिटी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर किए गए लाठी चार्ज की निंदा की। कांग्रेस के मंच से पीएम मोदी की मां को अपशब्द कहने के मामले में उन्होंने कहा कि मां की आलोचना कोई नहीं कर सकता, यह उनके संस्कार को दर्शाता है।
पूर्व सांसद ने इनके बाद ध्वजपूजन कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। गायत्री परिवार के रमेश वर्मा, रामसिंह, राजकुमार आदि ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन संपन्न कराया। वामन भगवान के रथ के साथ विंग कमांडर व्योमिका सिंह, कर्नल सोफिया, भारत माता, दानवीर राजा शिवि, ताड़का वध, राधा-कृष्ण, शंकर भगवान, शनिदेव, हनुमान महराज, शिव बारात समेत विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूपों से सजी करीब दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा ठठेरी से रामकुंड चौराहा स्थित हनुमान मंदिर होकर, कोतवाली मार्ग होकर बस स्टाप पहुंची।
बस स्टाप से बजाजा चौराहा, चिकमंडी चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, स्टेशन मार्ग, अमीरगंज होकर मां संकटा देवी धाम पहुंची। संकटा देवी धाम में वामन भगवान को जलविहार कराने के साथ शोभायात्रा का समापन हो गया। इस मौके पर विधायक आशा मौर्या, विधायक सेउता ज्ञान तिवारी, हरैया बस्ती के विधायक अजय सिंह, बनखड़ आश्रम के महंत खाकी दास, हनुमान गढ़ी नैमिषारण्य के महंत बजरंगदास, त्यागी महराज, पवन दास, मुंडा गोपाल आश्रम के स्वामी सत्यानंद महराज, एमएलसी पवन सिंह चौहान, निर्माण समिति अध्यक्ष शिवकुमार गुप्त, शरद मिश्र सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन सीता ग्रुप आफ एजूकेशन के चेयरमैन आरके वाजपेयी ने किया।