
- थाना पर आए पीड़ितों का सुना दुख-दर्द
- मिशन शक्ति अभियान की अनूठी पहल
Sitapur : पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए आज 25 सितंबर को रामपुर मथुरा थाने में एक अनूठी पहल की गई। इस दौरान रानी सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं को थाने के कामकाज से अवगत कराया गया और दो छात्राओं को प्रतीकात्मक रूप से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
छात्राओं को मिली थाना और मिशन शक्ति केंद्र की जिम्मेदारी बालिकाओं में निडरता और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से कक्षा 10वीं की छात्रा सुश्री अंजनी यादव को थाना प्रभारी बनाया गया। सुश्री अनिका को मिशन शक्ति केंद्र का प्रभारी नियुक्त किया गया। नई थाना प्रभारी सुश्री अंजनी यादव ने अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। उन्होंने आए दो फरियादियों की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित पुलिसकर्मियों को शीघ्र और उचित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्हें सहायक प्रभारी संजय पांडेय ने महिला संबंधी आवश्यक पुलिस दस्तावेजों की जानकारी भी दी।
थाने के कामकाज को समझा
मिशन शक्ति केंद्र की प्रभारी सुश्री अनिका ने हेल्प डेस्क रजिस्टर का अवलोकन किया और महिलाओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को परखा। विद्यालय की अन्य छात्राओं ने भी थाने के कार्यालय, रिकॉर्ड्स, मेस और संपूर्ण कार्यप्रणाली का भ्रमण कर गहन जानकारी प्राप्त की।
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य था
बालिकाओं को पुलिस की कार्यशैली से जागरूक करना और उनमें निर्भयता की भावना का विकास करना। महिला सशक्तिकरण और आत्मविश्वास की भावना को बढ़ावा देने के लिए बालिकाओं को एक दिन का कार्यप्रभार सौंपना। महिलाओं को उनके आत्मसम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें टोल फ्री नंबरों (1090, 112 आदि) और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देना। यह पहल पुलिस और आम जनता, विशेषकर छात्राओं के बीच एक सकारात्मक संबंध स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।










