
- बकरीद की लोगों नें एक दूसरे के गले मिलकर दी मुबारकबाद, मुल्क में अमन चैन की मांगी दुआ
- पूरे जनपद में सकुशल संपन्न हुई बकरीद की नमाज, सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल रहा मौजूद
सीतापुर। सीतापुर जनपद में आज बकरीद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बकरीद को ईद-उल-अजहा भी कहा जाता है, बकरीद इस्लाम धर्म का दूसरा सबसे अहम त्योहार है। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक, 12वें महीने की 10 तारीख को बकरीद का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन इस्लाम धर्म के लोग मस्जिद में नमाज अदा करते हैं और फिर जानवर की कुर्बानी देते हैं।

सीतापुर में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईदगाह पर बकरीद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। बकरीद के पर्व को सकुशल संपन्न करने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक आनंद एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बिसवां संवाददाता के अनुसार बिसवां के बेनीपुर गांव में बनी ईदगाह पर पेश इमाम मौलाना जावेद इकबाल नदवी ने ईद बकरीद की नमाज अदा कराई। ईदगाह पर सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल मौजूद रहा वहीं नगर पालिका परिषद बिसवां की ओर से स्वागत कैंप भी लगाया गया यहां आने वाले लोगों को एक दूसरे ने गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इसी के साथ कस्बे की विभिन्न मस्जिदों में भी बकरीद की नमाज अदा की गई।

इसी क्रम में लहरपुर, सेवता, रेउसा, महमूदाबाद, सिधौली, महोली, इमलिया सुल्तानपुर, मिश्रिख, हरगांव सहित पूरे जनपद में बकरीद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। नमाज में मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी गई। लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर बकरीद की मुबारक़बाद दी। बकरीद के पर्व को लेकर जनपद में चुपके-चुपके पर सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल मौजूद रहा।