
- जिले में पूर्ण हुए शत-प्रतिशत पद, योजनाओं का होगा ठीक से संचालन-डीपीओ
Sitapur : बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में जनपदों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नवचयनित मुख्य सेविकाओं ने अपने-अपने आवंटित जिलों में पदभार ग्रहण करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सीतापुर जिले में भी सोमवार से 87 नवचयनित मुख्य सेविकाओं ने कार्यभार संभाल लिया है, जिससे जिले में मुख्य सेविकाओं के शत-प्रतिशत पद पूर्ण हो गए हैं। यह एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो जिले में बाल विकास सेवाओं को नई गति और आयाम प्रदान करेगा।
अभिलेखीय परीक्षण और आवंटन प्रक्रिया हुई पूर्ण
आपको बताते चले कि उत्तर प्रदेश बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में 2425 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं, जिसके बाद जनपदों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। चयनित मुख्य सेविकाओं को ऑनलाइन विकल्प में सभी 69 जिलों को भरना था, और जनपदों का आवंटन परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट के अनुसार किया गया था। इसके लिए विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन पोर्टल 01 सितंबर 2025 से 07 सितंबर 2025 तक संचालित किया गया था।
बाल विकास योजनाओं को मिलेगी नई धार – मनोज
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार राव के अनुसार, 87 नई मुख्य सेविकाओं के आने से अब जिले में बाल विकास पुष्टाहार विभाग के कार्यों में तेजी आएगी और योजनाओं का सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित हो सकेगा। सीतापुर जिले में 87 नई मुख्य सेविकाओं की नियुक्ति से बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में कार्यबल की कमी दूर हो गई है। इन सभी ने गत दिवस सोमवार से औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करना शुरू कर दिया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार राव ने बताया कि अब जिले में मुख्य सेविकाओं के रेशियो के अनुसार सौ प्रतिशत पद भर गए हैं। इससे पहले जिले में केवल 58 मुख्य सेविकाएं कार्यरत थीं। सभी नवपदस्थ मुख्य सेविकाओं को पदभार ग्रहण करने के बाद उनके आवंटित क्षेत्र में कार्यभार संभालने के लिए भेजा जा रहा है। यह नियुक्ति सीतापुर के बाल विकास सेवाओं के लिए एक नई सुबह लेकर आई है।