सिद्धार्थनगर : महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, महिला बंदियों की सुनी समस्याएं

सिद्धार्थनगर। बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने जिला कारागार सिद्धार्थनगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में महिला बंदियों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और उनके अधिकारों की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन के अधीक्षक सचिन वर्मा, जेलर रामसिंह यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान चारू चौधरी ने महिला बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने महिला बैरकों की स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं, योग अभ्यास, विधिक सहायता और पुनर्वास कार्यक्रमों की स्थिति का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं एवं उनके साथ रहने वाले बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

चौधरी ने यह भी महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें कौशल विकास, सिलाई, हस्तशिल्प आदि गतिविधियों से जोड़ा जाए कहा कि महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जेल में ही उन्हें कौशल विकास, सिलाई, हस्तशिल्प व योग आदि गतिविधियों से जोड़ा जाना चाहिए ताकि सजा पूर्ण होने के बाद वे समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।

महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा हेतु प्रतिबद्ध है। चाहे वे जेल में हों या बाहर। किसी भी महिला के साथ अन्याय, उत्पीड़न या भेदभाव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिला बंदियों को भी न्याय व गरिमा से जीने का पूरा अधिकार है।

इस दौरान उनके द्वारा वृक्षा रोपड़ भी किया गया। कारागार प्रशासन द्वारा यह बताया गया कि वर्तमान में कुल 34 महिला बंदी हैं, जिनके साथ 3 छोटे बच्चे भी रह रहे हैं। बच्चों के लिए आंगनबाड़ी और पोषण व्यवस्था का भी ध्यान दिया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें