
Siddharthnagar : पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर किसान सम्मान दिवस का आयोजन अंबेडकर सभागार में मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह द्वारा स्व. चौधरी चरण सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. द्वारा सांसद को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। उप कृषि निदेशक द्वारा जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह जी की जयंती, किसान सम्मान दिवस के अवसर पर जनपद के अन्नदाता किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह जी ने किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए संघर्ष किया। उन्होंने किसानों के हितों के लिए कोई समझौता नहीं किया और पूरा जीवन किसानों के लिए कार्य किया, इसलिए उन्हें किसानों का मसीहा कहा जाता है। श्री पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह जी की जयंती को सभी जनपदों में किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया है।
हमारा देश कृषि प्रधान देश है। पहले जनपद के किसानों के पास सिंचाई व भंडारण की व्यवस्था नहीं थी, जिससे उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। किसानों द्वारा दलहनी व तिलहनी फसलों में रिकॉर्ड उत्पादन करने पर उन्हें बधाई दी गई। आकांक्षी जिले में विकास खंड खेसरहा की अल्का सिंह द्वारा कालानमक की खेती कर 20 से 25 टन प्रतिवर्ष उत्पादन कर अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भेजा जा रहा है। जनपद की पहचान कालानमक की खुशबू से देश–विदेश में बनी हुई है। जिला प्रशासन किसानों को सहयोग प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है। कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कृषि उपकरण, बीज आदि पर सब्सिडी देकर किसानों की आय दोगुनी करने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह द्वारा किसानों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए, जिसके कारण उनके जन्मदिवस के अवसर पर किसान सम्मान दिवस के रूप में यह दिवस मनाया जाने लगा। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभान्वित कर उनकी आय दोगुनी करने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी मो. मोजम्मिल द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किए गए।
28 किसानों को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा विभिन्न फसलों में बेहतर पैदावार करने वाले किसान, उद्यान विभाग द्वारा सब्जी, केला, फूलगोभी, टमाटर, पत्तागोभी आदि में उत्कृष्ट पैदावार करने वाले किसान, मत्स्य पालन में बेहतर उत्पादन करने वाले लाभार्थी, अधिक गन्ना उत्पादन करने वाले किसान तथा धान, गेहूं, सरसों, चना आदि में बेहतर पैदावार करने वाले कुल 28 किसानों को माला पहनाकर, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।










