गोलीकांड : शादी की बात पर भड़की रंजिश, युवक को बाइक सवार ने मारी गोली, हालत गंभीर

लखीमपुर खीरी। नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव लाल्हनपुर में शनिवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक को बाइक सवार ने गोली मार दी। गोली उसके जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नीमगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।

घायल युवक की पहचान नमनेश चौहान (22 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सुरेश चौहान निवासी लाल्हनपुर थाना नीमगांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नमनेश अपने घर के बाहर मेन रोड के किनारे खड़ा बात कर रहा था, तभी गोली मारी गई। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग इकट्ठे हो गए और बाइक सवार भाग निकले।

परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल लखीमपुर पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खून के नमूने और कारतूस के खोखे कब्जे में लिए हैं।

शादी को लेकर था विवाद

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नमनेश कल शादी के लिए लड़की देखने गया था, आज लड़की वाले लालहनपुर आए थे और नमनैश से किनारे बात कर रहे थे तभी गोली मारी गई। नीमगांव थाना प्रभारी ने बताया कि घटना पुरानी रंजिश का नतीजा लग रही है, हालांकि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

मामले से संबंधित सी ओ मितौली जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं।

यह भी पढ़े : फर्रुखाबाद : रिफाइनरी फैक्ट्री में वेल्डिंग करते समय हुआ धमाका तीन घायल

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें