
सेवराई, गाजीपुर। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव मंगलवार को सेवराई पहुंचे। उन्होंने जमानिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश सिंह के भतीजे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
शिवपाल यादव ने कहा कि यह अत्यंत दुःखद घटना है और इस अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं की जा सकती। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद शिवपाल यादव ने राजनीतिक मुद्दों पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में ब्राह्मण समाज के विधायक और नेता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा से दुखी ब्राह्मण विधायकों के लिए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि जो भी लोग सम्मान और भागीदारी चाहते हैं, वे उनकी पार्टी से जुड़ सकते हैं।
शिवपाल यादव के इस बयान को आगामी राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके आगमन से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज रही। इस मौके पर पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस मौके पर घोसी सांसद राजीव राय, विधायक डा. वीरेन्द्र यादव, विधायक अब्बास अंसारी मौजूद रहें।
यह भी पढ़े : बांग्लादेश में फेमस सिंगर जेम्स के कॉन्सर्ट पर हमला; भीड़ ने फेंके पत्थर; 25 लोग घायल










