शिमला : CM सुक्खु ने बुजुर्गों को दिया तोहफा ! की अहम घोषणा

शिमला। रिज मैदान पर बुधवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मौजूद रहे। इस अवसर पर खलीनी और विकासनगर की 60 से 80 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाओं ने रैंप वॉक किया, जिसे दर्शकों ने तालियों से सराहा। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह चौपाल के सदस्यों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को उनके क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अवसर पर घोषणा की कि जल्द ही 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए ‘रोगी मित्र योजना’ शुरू की जाएगी। इसके तहत रोगी मित्र बुजुर्गों के घर जाकर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लेंगे और आवश्यक चिकित्सा सुविधा प्रदान करेंगे। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में बुजुर्गों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए सरकार उनकी भलाई के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सीएम ने बताया कि सरकार ने भ्रष्टाचार को रोकने के लिए नई योजनाएं लागू की हैं, जिससे सभी को सुविधाएं मिलें और हिमाचल समृद्ध और विकसित राज्य बने। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल की साक्षरता दर देश में शीर्ष पर है।

सीएम ने स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों को दुरुस्त किया जाएगा और आईजीएमसी में एम्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी के तहत पहली रोबोटिक सर्जरी भी चमियाना अस्पताल में शुरू की गई है। बुजुर्गों के सम्मान के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम भी लागू की गई है।

सुक्खू ने अंत में कहा कि आने वाले समय में हिमाचल की जनता का सहयोग और आशीर्वाद आवश्यक है, ताकि प्रदेश और अधिक समृद्ध और खुशहाल बन सके।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें