शारदीय नवरात्रि : प्रदेश के 25 शक्तिपीठों व देवी मंदिरों में देवी गायन, दुर्गा सप्तशती का होगा पाठ

  • 10 दिवसीय आयोजन हेतु 1 करोड़ 45 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत

Lucknow : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए मिशन शक्ति विशेष अभियान के 6वें चरण के अंतर्गत प्रदेश के चयनित मंदिरों में कराये जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर आने वाले व्यय की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

इसके तहत 25 शक्तिपीठ स्थलों/देवी मंदिरों पर देवी गीतों की परम्परा पर आधारित देवी गीत गायन एवं दुर्गा सप्तशती का पाठ आयोजन कराया जायेगा। इस पर लगभग 1 करोड़ 45 लाख रुपये का व्यय अनुमानित है।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि शारदीय नवरात्रि के अंतर्गत शक्ति आराधना का आयोजन कराया जायेगा। उनमें माँ विंध्यवासिनी देवी (विंध्याचल), मिर्जापुर ज्वाला देवी जनपद सोनभद्र, सीता समाहित स्थल भदोही, आलोपी देवी जनपद प्रयागराज, कंदवासिनी देवी जनपद कौशाम्बी, पाटेश्वरी देवी/देवीपाटन जनपद बलरामपुर, ललिता देवी (नैमिषारण्य), जनपद सीतापुर, शाकुम्भरी देवी जनपद सहारनपुर, कात्यायनी देवी जनपद मथुरा, माँ शीतला चौकिया धाम जौनपुर, बेलहा देवी जनपद प्रतापगढ़, विशालाक्षी देवी जनपद वाराणसी शामिल हैं।

इसी प्रकार चण्डिका देवी उन्नाव, देवकाली मंदिर औरैया, माँ तरकुलहा देवी धाम गोरखपुर, माँ शीतला माता स्थल मऊ, ललिता देवी प्रयागराज, शिवानी देवी चित्रकूट, गायत्री शक्तिपीठ हमीरपुर, बैरागढ़ माता कोंच जालौन, कुष्माण्डा देवी घाटमपुर जनपद कानपुर देहात, शीतला माता मंदिर मैनपुरी, चामुण्डा माता मंदिर जनपद फिरोजाबाद, चन्द्रिका देवी मंदिर व संकटा देवी मंदिर लखनऊ में देवी गीत गायन कराया जायेगा।

उन्होंने बताया कि 25 स्थलों पर 10 दिवसीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले कलाकारों का मानदेय एवं यात्रा व्यय पर 1 करोड़ 25 लाख रुपये का व्यय अनुमानित है। इसी प्रकार वॉलिन्टियर पर 2 लाख 50 हजार रुपये, कार्यक्रम के प्रस्तुति सम्बन्धी अन्य व्यवस्थाओं पर 12 लाख 50 हजार रुपये तथा अभिलेखीकरण पर 5 लाख रुपये की धनराशि व्यय हेतु अनुमानित है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस सम्बन्ध में आवश्यक शासनादेश प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात की ओर से 23 सितम्बर, 2025 को जारी करा दिया गया है। शासनादेश में यह निर्देशित किया गया है कि समस्त कार्यों का भौतिक सत्यापन कर निर्धारित मानकों का अनुपालन करते हुए नियमानुसार भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

ये भी पढ़ें: Gonda : शिक्षक की संदिग्ध मौत, कमरे में फांसी पर लटका मिला शव

Kannauj : दीपावली से पहले फूड विभाग का सख्त एक्शन, दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें