Shahjahanpur : प्रभारी मंत्री ने किसानों संग संवाद कर योजनाओं के लाभ की समीक्षा

  • सरकार किसानों को बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ दिलाने को प्रतिबद्ध: नरेंद्र कश्यप

Shahjahanpur : उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह की उपस्थिति में विकास भवन सभागार में जनपद के किसानों के साथ संवाद किया।

संवाद के दौरान प्रभारी मंत्री ने किसानों से फसल उत्पादन, बिक्री, सही समर्थन मूल्य मिलने सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर उनकी समस्याओं व सुझावों को जाना। उन्होंने धान, गन्ना, ज्वार, बाजरा सहित अन्य फसलों पर बढ़ाए गए समर्थन मूल्य के संबंध में किसानों से फीडबैक लिया। किसानों ने बताया कि सरकार द्वारा बढ़ाए गए समर्थन मूल्य का लाभ उन्हें बराबर मिल रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को सिंचाई हेतु ट्यूबवेल कनेक्शन नंबर पर वर्ष 2023 से बिजली मुफ्त दी जा रही है। किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। किसानों को फसल बीमा का लाभ भी दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों की मन की बात सुनी और योजनाओं के लाभ से जुड़ी जानकारी ली।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री किसानों को अन्नदाता और भारत के भविष्य की ताकत मानते हैं। किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो और योजनाओं का लाभ सीधे उन तक पहुंचे—यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री किसानों की बहुत चिंता करते हैं। देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में किसानों का बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि किसानों के प्रयासों से उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, और इसे आने वाले समय में नंबर एक बनाना लक्ष्य है। सरकार का उद्देश्य है कि किसानों के चेहरे पर खुशहाली आए और उन्हें बिना भेदभाव के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता रहे। सरकार किसानों के मुद्दों पर पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। फसल उत्पादन, बिक्री से लेकर भुगतान तक किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, जिला खाद्य एवं वितरण अधिकारी राकेश मोहन पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें