
Lucknow : उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण 12वीं तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी 2026 तक बंद कर दिया गया है। मेरठ में इस सर्दी ने पिछले 13 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया और शहर नैनीताल से भी ठंडा रहा। समूचे उत्तर भारत में पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवा के चलते जनजीवन प्रभावित है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक गलन और कोहरे से राहत की संभावना नहीं है। सहारनपुर, बिजनौर और मुजफ्फरनगर में रविवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मेरठ का न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रहा। यह पिछले 13 वर्षों में दिसंबर के अंत में सबसे कम अधिकतम तापमान है। नैनीताल का अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के अधिकांश पश्चिमी जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी रही। घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण सड़क और हाईवे पर वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आगरा, प्रयागराज, कानपुर और सहारनपुर में दृश्यता लगभग शून्य रही। फतेहपुर में 10 मीटर, मेरठ में 15 मीटर और हमीरपुर में 20 मीटर दृश्यता दर्ज की गई।
जनजीवन पर ठंड और कोहरे का असर स्पष्ट है। बाजारों में रौनक कम रही और लोग घरों में दुबके रहे। बुजुर्ग, बच्चे और दिहाड़ी मजदूर इस ठंड में सबसे अधिक प्रभावित हुए। लोगों ने अलाव, हीटर और गर्म कपड़ों का सहारा लिया।
मेरठ में रविवार की रात सबसे ठंडी रही। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार, इस बार ठंड का कारण ला नीना प्रभाव, उत्तर और उत्तर-पूर्व से आ रही ठंडी हवाएं, साफ आसमान और पश्चिमी विक्षोभ की कमी है। जलवायु परिवर्तन के चलते मौसम के पैटर्न में बदलाव भी अचानक ठंड का कारण बन रहे हैं।
मौसम और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वाहन चलाते समय धीमी गति, लो बीम हेडलाइट और पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा करने का निर्देश दिया गया है।
अगले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में ठंड और कोहरे का असर जारी रहेगा। इसमें विशेष रूप से कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, कानपुर, रायबरेली, मथुरा, आगरा, मैनपुरी, इटावा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और आसपास के इलाके शामिल हैं।
यह भी पढ़े : दिल्ली और जम्मू में घना कोहरा, इंडिगो ने उड़ानों के समय में परिवर्तन किया













