
- जनपद के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में कर रही है नौकरी
मैनपुरी,. अनामिका शुक्ला जब से जनपद में सुखिर्यो में आया है। तब से रोज ही नए खुलासे हो रहे है। कासगंज के बाद अब मैनपुरी जिले से एक शिक्षिका को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह शिक्षिका अनामिका शुक्ला के नाम से अंबेडकर नगर जिले के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में नौकरी कर रही है।
बताते चलें कि, जिला अंबेडकर नगर के थाना अमापुर पुलिस गुरुवार को थाना बेवर पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से गांव लक्ष्मणपुर में दबिश दी। गांव से एक महिला को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई महिला पहले तो पुलिस को गुमराह करती रही। लेकिन जब महिला कांस्टेबल ने उसे रिहा कराने का लालच दिया तो उसने सच-सच बता दिया। उसने अपना नाम अनीता बताया है। पुलिस के अनुसार अनीता अंबेडकर नगर के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में अनामिका शुक्ला के नाम से नौकरी कर रही है। अंबेडकर नगर पुलिस ने शुक्रवार की सुबह उसका मेडिकल कराया और उसे अपने साथ अंबेडकर नगर ले गई।
पुष्पेंद्र ने 2019 में लगवाई थी नौकरी
मैनपुरी – पुलिस हिरासत में अनामिका शुक्ला के नाम से नौकरी करने वाली अनीता ने बताया कि वर्ष 2017 में उसके पति कप्तान सिंह की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई। मार्च 2019 में बेवर में उसकी मुलाकात पुष्पेंद्र नाम के व्यक्ति से हुई। वो कहां का रहने वाला है यह उसे नहीं मालूम। मुलाकात के 20 दिन बाद उसने बातचीत कर अंबेडकर नगर के कस्तूरबा विद्यालय में विज्ञान शिक्षिका के पद पर नौकरी दिला दी। महिला वहीं रहकर नौकरी करने लगी। मानदेय के रूप में महिला को पुष्पेंद्र ही नकद 10 हजार रुपया दिया करता था। जबकि 22 हजार रुपया मानदेय मिलता है।
अनामिका शुक्ला का प्रकरण सुर्खियों में आने के बाद चल रही जांच के दौरान अंबेडकर नगर जनपद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने छह जून को जमा अभिलेखों के आधार पर महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अंबेडकर नगर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही व नवीगंज चौकी प्रभारी अभिमन्यु मलिक के सहयोग से महिला को गिरफ्तार कर लिया।











