
- अभिभावकों की परिषदीय विद्यालयों में बढ़ी है रुचि : जिला पंचायत अध्यक्ष
- निपुण विद्यालयों की संख्या मामले में जिले का प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त
- हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ
हरदोई । कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ डीएम एमपी सिंह ने किया जिसमे विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने स्कूल चलो अभियान रैली में हिस्सा लिया। डीएम ने कहा कोई भी बच्चा स्कूल जाने से न छूटे व रैली द्वारा लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
रैली कलेक्ट्रेट से प्रारम्भ होकर रसखान प्रेक्षागृह के पास समाप्त हुई। रैली उपरांत रसखान प्रेक्षागृह में हुए कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा व विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत सिंह बब्बन ने सभी अतिथियों, सम्बंधित अधिकारियों व स्कूली बच्चों साथ मुख्यमंत्री द्वारा बरेली में दिए गए उदबोधन के सजीव प्रसारण को देखा जिसमे मुख्य मंत्री ने आठ वर्षों में प्रदेश द्वारा प्राप्त की गयी उपलब्धियों के बारे में को बताया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम का अतिथियों द्वारा शुभारंभ कर विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गयीं। मुख्य अतिथि ने कहा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षा क्षेत्र में कायाकल्प करने से अभिभावकों की रुचि परिषदीय विद्यालयों में बढ़ी है। यहां शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, बच्चों का टीकाकरण व खेलों द्वारा बच्चों को प्रोत्साहन किया जाता है। कहा कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे इसका प्रयास हमें मिलकर करना है। उन्होंने शिक्षक के रूप में अपने पुराने दिनों को याद किया। जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि देश व प्रदेश दोनों सरकारों की इच्छा सबको शिक्षा देने की है। बच्चे अब विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार भी ग्रहण करते हैं। हमारी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव किये हैं। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में कुल 3446 परिषदीय विद्यालय हैं।
एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक सर्वे कर बच्चों का स्कूलों में नामांकन होगा। परिषदीय स्कूलों में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं व ऑपरेशन कायाकल्प को बताया। कहा निपुण विद्यालयों की संख्या मामले में जिले ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। अतिथियों ने रंगोली टीम व होनहार बच्चों को सम्मानित किया। मंच संचालन मनीष मिश्रा ने किया।अवसर पर सीडीओ सौम्या गुरूरानी व अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।