
देहरादून : सावन के पवित्र सोमवार को प्रदेशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में शिवभक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर कोई अपने हाथों में जल कलश लिए ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपनी पत्नी गीता धामी संग भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की। श्रीनगर के कटकेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। भक्तों ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शिव से अपने दुखों के निवारण की प्रार्थना की।
देहरादून के धर्मपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने बेलपत्र और जल अर्पित कर शिवलिंग का अभिषेक किया। आराघर स्थित पंचायती मंदिर में भी विशेष पूजा का आयोजन हुआ, जहाँ भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ जलाभिषेक किया।
सावन सोमवार का यह पर्व भक्तों के लिए शिव भक्ति की गहराई और आस्था को और सुदृढ़ करने वाला रहा। हर सोमवार को लोग व्रत रखकर शिवालयों की ओर रुख कर रहे हैं और भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।