
Sanjeev Mukhiya : NEET UG 2024 पेपर लीक मामले के कथित मास्टरमाइंड संजीव मुखिया को जमानत मिल गई है। मुखिया पिछले 90 दिनों से न्यायिक हिरासत में था, लेकिन केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा तय समय सीमा में चार्जशीट दाखिल न करने के कारण पटना की विशेष अदालत ने उसे जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।
क्या है पूरा मामला?
संजीव मुखिया को 1 मई 2025 से जेल में बंद किया गया था। उसके वकील ने कोर्ट में यह दलील दी कि सीबीआई 90 दिनों की न्यायिक हिरासत के बाद भी आरोप पत्र दाखिल नहीं कर पाई है। इस पर न्यायाधीश सुनील कुमार सिंह ने सुनवाई के बाद संजीव मुखिया को जमानत दे दी।
5 मई 2024 को हुई NEET UG 2024 की परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद, केंद्र सरकार ने इसकी जांच CBI को सौंप दी थी। सीबीआई ने 23 जून 2024 को अपनी प्राथमिकी दर्ज की और जाँच शुरू की।
इस मामले में अब तक 49 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई ने 1 जुलाई 2024 को 13 अभियुक्तों के खिलाफ मूल चार्जशीट दाखिल की थी, और अब तक कुल 45 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किए जा चुके हैं। जाँच के दौरान, सीबीआई ने संजीव मुखिया को इस पेपर लीक कांड में शामिल पाया था।
यह भी पढ़े : महिला की गला रेतकर हत्या, बेड पर मृत मिली पत्नी और पति फरार, 9 साल पहले हुई थी लव मैरिज