
Sambhal : संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भाजपा नेता संगीत सोम और साध्वी प्राची के बुर्के से जुड़े बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को बुर्के, टोपी और दाढ़ी में दहशतगर्दी नजर आती है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद बर्क ने अपने दीपा सराय स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बुर्का शराफत और इस्लाम में पर्दे के पैगाम का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुर्के की आड़ में दहशतगर्दी साबित नहीं की जा सकती। बर्क ने साध्वी प्राची के बयान को संविधान की धज्जियाँ उड़ाने वाला बताया।
उन्होंने प्रदेश सरकार से ऐसे बयानों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। सांसद बर्क ने आरोप लगाया कि कुछ नेता हिंदू-मुस्लिम के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकते हैं लेकिन जनता अब ऐसे नेताओं को पहचान चुकी है। बर्क ने देश की विविधता पर जोर देते हुए कहा कि भारत की यही खूबसूरती है कि यहां हर लोग अपने-अपने धर्म का पालन करते हैं। सांसद ने कहा कि साध्वी के बयान सोची-समझी साजिश का हिस्सा लगता है, जिनका उद्देश्य समाज में भय और विघटन फैलाना है। उन्होंने एनकाउंटर की परिभाषा स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका मकसद सभी जानते हैं। यह तभी होता है जब किसी मुठभेड़ में गोली लगे।सांसद बर्क ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी में मुसलमानों के वोट देने के अधिकार को समाप्त करने की हिम्मत है तो करके दिखाए, क्याेंकि यह राजनीति की बुनियाद नहीं हो सकती।
क्या कहा था भाजपा नेता संगीत साेम
मेरठ में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा नेता संगीत सोम ने कहा था कि आज आतंकवाद से लेकर फर्जी पहचान तक, हर गलत काम में बुर्का एक ढाल बन गया है। अब वक्त आ गया है कि सच्चाई का सामना किया जाए। यही नहीं भाजपा नेता संगीत साेम ने चुनाव आयाेग से भी मतदान के समय बुर्के में आने वाली महिलाओं की जांच करने के बाद ही वाेट देने की मांग भी की। ऐसी महिलाओं के चेहरे दिखने चाहिए। ऐसा करने से मतदान की शुचिता नहीं प्रभावित हाेगी।












