
मुरादाबाद । उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में विवादित शाही जामा मस्जिद की रंगाई पुताई रविवार को शुरू हो गई। मजदूरों ने सबसे पहले मस्जिद दीवार पर झूला डालकर पुताई आरम्भ की।
शनिवार को दोपहर में भारतीय पुरात्व सर्वेक्षण (एएसआई) की तीन सदस्यीय टीम पेंटर व मजदूरों के साथ पहुंची थी। इस दौरान मस्जिद की लम्बाई चौड़ाई की नपाई की गई थी। मस्जिद के सदर जफर अली एडवोकेट ने बताया हाईकोर्ट के निर्देश पर सात दिन के अंदर मस्जिद की रंगाई पुताई का कार्य पूरा करना है। इसी के चलते आज पुताई कार्य आरम्भ हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 8 मजदूर जामा मस्जिद की सफेदी का कार्य कर रहे हैं। उनका कहना है कि एक सप्ताह के अंदर हमें मस्जिद की रंगाई पुताई पूरी करनी है। बीते 12 मार्च को उच्च न्यायालय ने पुताई और सजावट का आदेश किया था। साथ ही यह भी कहा था कि इस पुताई और सजावट के कार्य की निगरानी एएसआई द्वारा की जाएगी। इसी क्रम में 13 मार्च को एएसआई की टीम जामा मस्जिद पहुंची थी। टीम ने बाहरी हिस्से के साथ अंदर के परिसर का भी निरीक्षण किया था। उन स्थानों को टीम ने देखा था जहां पुताई की जानी है। मस्जिद के बाहरी हिस्से पर पुताई के लिए आदेश किया गया है।