मुस्लिम वोटों के लालच में किसी भी हद तक गिर सकती है समाजवादी पार्टी: नन्दी

लखनऊ। अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण एवं रामलला रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली रामनवमी पर समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव द्वारा राम मंदिर को लेकर दिए गए बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने करारा प्रहार किया है।

रामगोपाल यादव के बयान पर मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रोफेसर होकर इस प्रकार की नफरती और विभाजनकारी भाषा का प्रयोग रामगोपाल यादव की डिग्री पर सवालिया निशान है। इसी विकृत सोच ने सैकड़ों निर्दोष रामभक्तों पर गोलियां चलवाने का महापाप किया था।

सनातन आस्था के प्राण पुरुष प्रभु श्रीराम के बारे में ऐसा ओछा बयान इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि समाजवादी पार्टी मुस्लिम वोटों के लालच में किसी भी हद तक गिर सकती है। वोट बैंक को पोषित करने के लिए हिन्दू आस्था व श्रद्धा को पाखंड कहना समाजवादी पार्टी की निकृष्टता और पतन की पराकाष्ठा है।

जनता इस चुनाव में इन हिन्दू विरोधी शक्तियों को जमींदोज कर देगी। रामद्रोही समाजवादी पार्टी का नामोनिशान ढूंढ़े से भी नहीं मिलेगा। उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर सपा का सूपड़ा साफ होना सुनिश्चित है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें