
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संघ के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार से दो दिवसीय भोपाल प्रवास पर हैं। 2 और 3 जनवरी को होने वाले इस प्रवास के दौरान वे युवाओं, प्रबुद्धजनों और महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे।
प्रवास की शुरुआत शुक्रवार सुबह 9:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रांत स्तरीय ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम से होगी। इस कार्यक्रम में मध्यभारत प्रांत के 31 जिलों से चयनित युवा शामिल होंगे, जिन्होंने शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस दौरान डॉ. भागवत युवाओं के प्रश्नों के उत्तर भी देंगे।
रविंद्र भवन में प्रमुखजन गोष्ठी
शुक्रवार शाम 5:30 बजे रविंद्र भवन स्थित हंस ध्वनि सभागार में ‘प्रमुखजन गोष्ठी’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें समाज के लगभग 250 प्रमुख व्यक्तित्वों और 250 युवाओं को आमंत्रित किया गया है। गोष्ठी में संघ की शताब्दी यात्रा, सामाजिक भूमिका और वर्तमान समय की चुनौतियों पर विचार रखे जाएंगे।
दूसरे दिन सामाजिक सद्भाव और शक्ति संवाद
प्रवास के दूसरे दिन शनिवार सुबह 9:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सामाजिक सद्भाव बैठक आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और प्रबुद्धजन भाग लेंगे।इसके बाद शाम 5 बजे भोपाल की प्रमुख मातृशक्ति के साथ ‘शक्ति संवाद’ कार्यक्रम होगा। इसमें करीब 150 ऐसी महिलाएं शामिल होंगी, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में विशिष्ट पहचान बनाई है।
संघ की ओर से बताया गया है कि सभी कार्यक्रम आमंत्रण के माध्यम से आयोजित होंगे। इन आयोजनों के जरिए संघ के शताब्दी वर्ष का संदेश, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को लेकर व्यापक संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।















