
New Delhi : तीस हजारी कोर्ट के मजिस्ट्रेट कोर्ट ने महिला से दुष्कर्म मामले में अभिनेता आशीष कपूर समेत तीन आरोपितों के मामले को सेशंस कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया है। जुडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास कार्तिक टपरिया ने मामले को सेशंस कोर्ट में ट्रांसफर करने का आदेश दिया। इस मामले में प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज 22 जनवरी को सुनवाई करेंगे।
इस मामले में आशीष कपूर के अलावा कपिल गुप्ता और रितु गुप्ता आरोपित हैं। सुनवाई के दौरान आशीष कपूर के वकील दीपक शर्मा ने कहा कि आरोप झूठे हैं। ये मामला केवल धन ऐंठने के लिए दायर किया गया है। शिकायतकर्ता महिला आदतन शिकायत करती रहती है। उसने जनकपुरी थाने में भी अपने मकान मालिक के खिलाफ शिकायत की है।

आशीष कपूर को 10 सितंबर, 2025 को जमानत मिली थी। आशीष कपूर के खिलाफ दिल्ली की एक महिला ने शिकायत की थी कि उसके साथ दुष्कर्म और गैंगरेप किया गया था। महिला की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने आशीष कपूर और कुछ अन्य आरोपितों के खिलाफ 11 अगस्त, 2025 को एफआईआर दर्ज किया था।
महिला की शिकायत के मुताबिक महिला को आशीष कपूर के पड़ोस में आयोजित एक पार्टी में आमंत्रित किया गया था। पार्टी में महिला ने जो पेय पदार्थ लिया था उससे वह बेहोश हो गई। बेहोशी के बाद उसे घसीटकर एक वाशरुम में ले जाया गया और उसके साथ गैंगरेप किया गया। पुलिस के मुताबिक महिला ने पहले गैंगरेप का आरोप लगाया था और बाद में अपना बयान बदल दिया और केवल आशीष कपूर पर रेप का आरोप लगाया। महिला की शिकायत के बाद आशीष कपूर को पुणे से 2 सितंबर, 2025 को गिरफ्तार किया गया।















