
ओरैया। यूपी में रक्षाबंधन पर्व को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। ओरैया में एक भाई ने चचेरी बहन से पहले राखी बंधवाई और फिर रेप कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस शर्मसार कर देने वाले मामले में, आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। उसने रक्षाबंधन के दिन सुबह 14 वर्षीय बहन से राखी बंधवाई, और उसी रात रेप के बाद उसकी हत्या कर दी। इसके साथ ही उसने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए बहन को फंदे से लटका दिया।
जब रेप और मर्डर हुआ, तब पिता घर पर ही सो रहे थे
दुखद बात यह है कि जब लड़की का रेप और हत्या हुई, उस वक्त उसके पिता घर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें इस घटना के बारे में पता नहीं चला। जब वे सुबह उठे, तो बेटी को फंदे से लटकते देखा। यह घटना 10 अगस्त की है। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने शुरुआत में ही मामला हत्या का माना। कई जगह खून के धब्बे भी पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लड़की से रेप की पुष्टि हुई।
आरोपी पर पुलिस को कैसे हुआ शक?
पुलिस की टीम जब तक लड़की के घर पर रही, आरोपी से सबका सवाल-जवाब चलता रहा। पुलिस जब पिता से पूछताछ या पड़ोसियों से सवाल करती, तो आरोपी ही जवाब देता रहा। इसी बात पर पुलिस को शक हुआ। फिर घर की तलाशी ली गई, जिसमें एक पैंट बरामद हुई, जिस पर खून के धब्बे लगे थे। फॉरेंसिक जांच में वह खून लड़की के खून से मेल खा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूल किया अपना जुर्म
औरैया के एसपी अभिजीत शंकर ने बताया कि कड़ी पूछताछ से पुलिस का शक सही निकला। आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी चचेरी बहन की मां और बहन उस दिन नोएडा गई थीं। राखी के दिन सभी ने मिलकर साथ खाना खाया। आरोपी को पता था कि लड़की घर पर अकेली है, इसलिए उसने अपना योजना बना ली थी। आरोपी शराब का भी आदी है।
यह भी पढ़े : यूपी विधानसभा में आज बनेगा रिकॉर्ड, 24 घंटे चलेगा सदन, यहां देखिए किन मंत्रियोें की रात में लगी ड्यूटी