
टोंक : टोंक जिले के मालपुरा की रहने वाली देश की पहली ट्रांसजेंडर खिलाड़ी रितिका सिंह ने एक बार फिर राजस्थान का मान बढ़ाया है। आगरा में आयोजित समर आइस स्टॉक चैंपियनशिप 2025 में राजस्थान टीम की ओर से खेलते हुए रितिका ने स्वर्ण पदक जीता। इस प्रतियोगिता में 15 राज्यों के 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड अपने नाम किया।
तीन साल में दो गोल्ड, दो सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज
रितिका अब तक तीन साल के खेल करियर में राष्ट्रीय स्तर पर दो गोल्ड, दो सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज जीत चुकी हैं। इससे पहले वह जम्मू के गुलमर्ग में हुए नेशनल चैंपियनशिप में भी गोल्ड जीत चुकी हैं। आइस स्टॉक एक इंडोर गेम है, जिसे 10–12 डिग्री तापमान में खेला जाता है।
ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की संयुक्त टीम ने गुजरात को हराया
राजस्थान टीम में रितिका के साथ जयपुर की नंदनी, कोटा की अवनी और जयपुर की सिमरन थीं। सिमरन को छोड़कर टीम की तीन खिलाड़ी ट्रांसजेंडर थीं। अंडर-23 और सीनियर कैटेगरी में लड़कियों व ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की संयुक्त प्रतियोगिता आयोजित हुई। फाइनल में राजस्थान ने गुजरात को 8 अंकों से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
जयपुर लौटने पर हुआ भव्य स्वागत
अगले दिन जयपुर पहुंचने पर खिलाड़ियों और कोच का रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। रितिका ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतना है। वह कोच समीर शर्मा के मार्गदर्शन में लगातार प्रशिक्षण ले रही हैं। इस दौरान आइस स्टॉक फेडरेशन राजस्थान की चेयरपर्सन साक्षी शर्मा और ट्रांसजेंडर स्टेट आइकन नूर शेखावत ने भी उन्हें प्रेरित किया।
“अभिशाप नहीं, खेल के दम पर वरदान बनाऊंगी”
रितिका ने कहा कि समाज आज भी ट्रांसजेंडर को गलत नजरिए से देखता है, लेकिन वह हिम्मत नहीं हारेंगी। उन्होंने कहा— “लोग भले इसे अभिशाप समझें, मैं इसे अपने खेल के दम पर वरदान बनाऊंगी। मेरा सपना है कि मैं देश के लिए इंटरनेशनल पदक जीतूं।”
आइस स्टॉक क्या है?
यह खेल बर्फ की सतह पर खेला जाता है। प्राकृतिक बर्फ या इंडोर आइस रिंक पर खिलाड़ी अपनी स्टॉक डिस्क को निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचाते हैं। यह मुख्य रूप से बर्फीले क्षेत्रों में लोकप्रिय है। रितिका सिंह इस खेल में गोल्ड जीतने वाली देश की पहली ट्रांसजेंडर खिलाड़ी हैं।












