Rajasthan assembly : सत्र की शुरुआत हंगामे के साथ, कांग्रेस- भाजपा आमने- सामने

जयपुर : राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत साेमवार काे हंगामे के साथ हुई। पहले ही दिन कांग्रेस विधायकों ने वोट चोर गद्दी छोड़ो के नारे लगाते हुए सदन में तख्तियां लहराईं। स्थिति को संभालने के प्रयास में विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायकों से शांत रहने और सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की, लेकिन हंगामा थम नहीं सका।

इस दौरान भाजपा विधायकों ने भी कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गालीबाज राहुल गांधी के नारे लगाए। अध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों पक्षों को संयम बरतने की नसीहत दी और कहा कि सदन को बाजार या चौराहे की तरह चलाना उचित नहीं है। हंगामे के बीच दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कार्यवाही को मंगलवार के अवकाश के साथ बुधवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

सदन में दिवंगत नेताओं और हाल की आपदाओं में मृतकों के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। सदन में पूर्व राज्यपाल ला. गणेशन और सत्यपाल मलिक, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, पूर्व सांसद डॉ. गिरिजा व्यास, पूर्व सांसद एवं विधायक कर्नल सोनाराम, पूर्व विधायक मदन कौर, सोहन सिंह और किशनाराम नाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। इसके साथ ही पहलगाम के निकट बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले, अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना, उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से हुई आपदा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों में भारी बारिश और भूस्खलन से हुई जनहानि पर भी सदन ने शोक व्यक्त किया। सदन ने मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा, लेकिन भाजपा बार-बार वोट चोरी कर सरकार बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ देशव्यापी आंदोलन खड़ा हो रहा है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वोट चोरी केवल बिहार या कर्नाटक तक सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान में भी गड़बड़ी की गई है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और आयोग में भाजपा के प्रभाव में काम कर रहे लोगों को हटाया जाए।

सत्र के दौरान निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी खेजड़ी बचाओ के पोस्टर लेकर पहुंचे और खेजड़ी संरक्षण कानून लागू करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सरकार इस कानून को लागू नहीं करती, तो वे कड़ा विरोध करेंगे।

इसी बीच, सरकारी मुख्य सचेतक जागेश्वर गर्ग ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी को गालीबाज करार दिया और कहा कि कांग्रेस पार्टी का रिकॉर्ड भी यही दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि इसके वीडियो प्रमाण भी मौजूद हैं।

वहीं, एसआई भर्ती मामले में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हाईकोर्ट के आदेश का विधिक परीक्षण किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि जिन अभ्यर्थियों ने अनैतिक तरीके से नौकरी प्राप्त की है, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी, जबकि निर्दोष अभ्यर्थियों को परेशान नहीं किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें