
जयपुर : राजस्थान विधानसभा में सोमवार को कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर शून्यकाल के दौरान विधानसभा में हंगामा किया। कांग्रेस विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी की। हंगामें के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
हंगामे और नारेबाजी के बीच ही शून्यकाल की कार्यवाही चली। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि सदन में एक दिन कानून व्यवस्था पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में माफिया का राज चल रहा है। सरकार कहीं नजर नहीं आ रही है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि आज बीएसी की बैठक होगी, उसमें बात करेंगे। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और वैल में आ गए। हंगामे के नहीं थमने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
दोपहर दो बजे सदन की कार्यवाही फिर से शुरु होने के बाद कांग्रेस विधायक वैल में एक बार पुन: वैल में आ गए और नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने सदन की कार्यवाही जारी रखी।
इससे पूर्व सेामवार सुबह कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक बिगड़ती कानून व्यवस्था के नारे लिखे हुए पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे थे।